मुंबई। मलयालम फिल्म ‘दृश्यम 3’ रिलीज हो चुकी है। यह बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इस बीच खबर है कि अजय देवगन की अदाकारी वाली हिंदी फिल्म ‘दृश्यम 3’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है। बताया जाता है कि इस फिल्म पर अब पोस्ट-प्रोडक्शन का काम शुरू हो चुका है। खबर यह भी है कि यह दो अक्तूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने की राह पर है।
पूरी हुई फिल्म की शूटिंग
123 तेलुगु के मुताबिक हिंदी वर्जन ‘दृश्यम 3’ ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर शूटिंग पूरी कर ली है। ‘पिंकविला’ के साथ हाल ही में हुई बातचीत में फिल्म के निर्माता अभिषेक पाठक ने पुष्टि की कि ‘दृश्यम 3’ के हिंदी वर्जन की शूटिंग पूरी हो चुकी है। अभी सिर्फ कुछ पैचवर्क (बचा हुआ काम) चल रहा है। फिल्म 2 अक्तूबर को रिलीज होने वाली है।
मलयालम से अगल होगा हिंदी वर्जन
हिंदी वर्जन के बारे में बात करते हुए अभिषेक ने कहा, ‘फिल्म को लेकर काफी उत्साह है। लोग अभी मलयालम ‘दृश्यम’ में जो देख रहे हैं, वह अलग है। हिंदी दर्शकों के लिए, मैंने एक बिल्कुल अलग ट्रैक बनाया है जो यहां बहुत अच्छा काम करेगा। मलयालम वर्जन में पारिवारिक ड्रामा पर ज्यादा जोर दिया गया है, जबकि हिंदी वर्जन में पारिवारिक थ्रिलर है। जब ट्रेलर रिलीज होगा, तो दर्शकों को पता चलेगा कि दोनों फिल्में एक-दूसरे से कितनी अलग हैं।’
फिल्म की कहानी
‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी में दिखाया गया है कि एक महिला पुलिस अधिकारी का बेटा लापता हो जाता है। वह महिला विजय का परिवार तबाह करने की धमकी देती है। विजय अपने परिवार को सुरक्षित रखने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ता। सात साल बाद, इसके सीक्वल में, सालगांवकर परिवार ने अपने अतीत की दर्दनाक घटनाओं से आगे बढ़ने की कोशिश की है। तभी कुछ ऐसा होता है कि जो लंबे समय से दबे हुए गहरे राज हैं, उनके उजागर होने का खतरा पैदा होता है।