नई दिल्ली। नेपाल की सत्तारूढ़ पार्टी आरएसपी के अध्यक्ष रबी लामिछाने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मिलने के लिए बीजेपी हेडक्वार्टर पहुंचे हैं। बता दें कि रबी लामिछाने 5 दिन की यात्रा पर आज भारत पहुंचे हैं। पीएम बालेन शाह से पहले उनकी यात्रा के कई मायने निकाले जा रहे हैं। लमिछाने भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के निमंत्रण पर भारत आ रहे हैं। उनका नई दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व सहित कई हाईलेवल मीटिंग में शामिल होने का कार्यक्रम है।
वे भारत में नेपाली समुदाय के लोगों से भी मिलेंगे और इसके बाद अयोध्या की भी यात्रा करेंगे। उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल में सांसद बिपिन कुमार आचार्य, दीपक बोहरा, निकिता पौडेल और प्रदीप आचार्य शामिल हैं।
बीजेपी हेडक्वार्टर पहुंचते ही किया गया भव्य स्वागत
रबी लामिछाने के बीजेपी हेडक्वार्टर पहुंचते ही उनका भव्य स्वागत किया गया। फूल बरसाते हुए ढोल और नगाड़े के साथ उनका स्वागत किया गया। रबी लामिछाने के साथ उनकी पत्नी भी बीजेपी हेडक्वार्टर पहुंची हैं।
रबी लामिछाने के स्वागत में भोज का भी आयोजन
बता दें कि रवि लामिछाने के सम्मान में भोज का आयोजन भी किया गया है। जिसमें भाजपा के कुछ शीर्ष नेता, भारत सरकार के कुछ मंत्री, सांसद और दिल्ली सरकार के मंत्री शामिल होंगे।
विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी होगी मुलाकात
भारत के विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर और आरएसपी अध्यक्ष रबी लामिछाने के बीच बीजेपी मुख्यालय में ही मुलाकात होगी। दोनों के बीच मुलाकात में सीमा सुरक्षा सहित सीमा मतभेद पर भी बातचीत हो सकती है।
3 जून को पीएम मोदी से हो सकती है मुलाकात
3 जून को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रबी लामिछाने की मुलाकात का समय रखा गया है। हालांकि मुलाकात की टाइमिंग फिक्स नहीं की गई है, लेकिन रबी लामिछाने के लिए 3 जून का समय खाली रखा गया है ताकि प्रधानमंत्री मोदी के अनुकूल समय में उनकी मुलाकात हो सके।