मेरठ ।मेरठ के हस्तिनापुर कस्बे में एक निजी स्कूल संचालक की मौत ने उस समय सनसनी फैला दी, जब शुरुआती तौर पर इसे सांप के काटने से हुई दुर्घटना माना गया। लेकिन पुलिस जांच में सामने आई कहानी ने सभी को हैरान कर दिया। पुलिस के अनुसार, स्कूल संचालक अतुल कुमार पंवार (32) की हत्या उनकी पत्नी दामिनी ने अपने कथित प्रेमी और दो सपेरों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से कराई। मामले में पत्नी, उसका कथित प्रेमी तुषार और दो सपेरों उदय व सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पहले खिलाईं नींद की गोलियां, फिर सांप से डसवाकर उतारा मौत के घाट
पुलिस के मुताबिक, दामिनी और स्कूल के बस चालक तुषार के बीच लंबे समय से कथित प्रेम संबंध थे। दोनों ने अतुल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोप है कि पहले अतुल के भोजन में नींद की गोलियां मिलाई गईं। जब वह गहरी नींद में सो गए, तब तुषार ने अपने दो सपेरे दोस्तों को बुलाया और जहरीले सांप से अतुल के हाथ और पैर पर डसवाया। वारदात के बाद सांप को कमरे में ही छोड़ दिया गया ताकि घटना प्राकृतिक हादसा लगे।
‘सांप ने काट लिया’… पत्नी ने रचा हादसे का पूरा ड्रामा
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद दामिनी ने खुद को निर्दोष दिखाने के लिए पूरी कहानी तैयार कर रखी थी। उसने बताया कि गर्मी की वजह से वह बेटे के साथ कमरे के बाहर सोई थी, जबकि अतुल अंदर थे। सुबह चाय लेकर कमरे में पहुंचने पर पति को अचेत अवस्था में पाया। शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंचे और अतुल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बिस्तर पर मिला सांप, शरीर पर दिखे डंस के निशान
घटनास्थल पर पुलिस को बिस्तर पर एक सांप मिला, जिसे बाद में लोगों ने मार दिया। अतुल के हाथ और पैर पर सांप के डंस जैसे निशान भी मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए।
परिजनों ने जताया हत्या का शक, जांच में खुली साजिश की परतें
मृतक के पिता अजब सिंह ने शुरुआत से ही बहू पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने तकनीकी और फोरेंसिक जांच के साथ पूछताछ की, जिसके बाद कथित साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने आई।
आठ साल पहले हुआ था प्रेम विवाह
अतुल और दामिनी ने करीब आठ वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों हस्तिनापुर में मिलकर एक निजी स्कूल का संचालन करते थे और अपने छह वर्षीय बेटे के साथ किराए के मकान में रहते थे। पुलिस का कहना है कि कथित प्रेम संबंध के चलते पति की हत्या की साजिश रची गई।
चारों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी
पुलिस ने दामिनी, उसके कथित प्रेमी तुषार और दोनों सपेरों उदय व सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है और फोरेंसिक रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.