नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पीजी इमारत गिरने की घटना के बाद फरार चल रहे कथित मालिक हरिराम बंसल को पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। घटना के बाद से हरिराम बंसल अपने परिवार के साथ फरार था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
गुरुग्राम में आलीशान मकान, दुकान पर भी लगा था ताला
हरिराम बंसल गुरुग्राम के सेक्टर-23 इलाके में रहता था। सोमवार को दिल्ली पुलिस की टीम उसके घर पहुंची, लेकिन मकान बंद मिला। घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था और आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। हरिराम की गुरुग्राम के सेक्टर-23 में ‘हरी पेंट्स एंड हार्डवेयर’ नाम से दुकान भी है। हादसे के बाद से दुकान भी बंद पड़ी थी। पुलिस की एक टीम दुकान पर भी पहुंची और वहां जांच-पड़ताल की।
हादसे के बाद परिवार समेत हुआ था फरार
सत्य निकेतन में पीजी इमारत गिरने के बाद हरिराम बंसल के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी शुरू की। पुलिस ने उसके देश से बाहर भागने की आशंका को देखते हुए उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया था।
गिरफ्तारी के लिए बनाई गईं 10 टीमें
हरिराम बंसल को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस ने 10 अलग-अलग टीमें गठित की थीं। इन टीमों में स्थानीय जिला पुलिस, स्पेशल स्टाफ और अन्य ऑपरेशनल यूनिट के जवान शामिल थे। प्रत्येक टीम की निगरानी एडिशनल डीसीपी स्तर के अधिकारी कर रहे थे। पुलिस की टीमें दिल्ली के अलावा हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लगातार दबिश दे रही थीं। इसी कार्रवाई के दौरान हरिराम के राजस्थान के भिवाड़ी में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सात लोगों की मौत से मचा हड़कंप
सत्य निकेतन में पीजी इमारत के अचानक गिरने की घटना ने राजधानी में हड़कंप मचा दिया था। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठे हैं। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इमारत में निर्माण और सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन किया गया था या नहीं। हरिराम बंसल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे इमारत के निर्माण, पीजी संचालन और सुरक्षा मानकों से जुड़े सवालों पर पूछताछ करेगी। मामले की जांच के आगे बढ़ने के साथ हादसे की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।