कटिहार। बिहार के कटिहार जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां बस, ट्रक और पिकअप वैन की भीषण टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह दुर्घटना कटिहार के कोढ़ा प्रखंड स्थित एनएच-31 पर बनगढ़ा चौक के पास हुई। इस भीषण और दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। पीएम मोदी ने कहा कि दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। पीएमएनआरएफ की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
मुआवजे का ऐलान
इसी बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति दुख व्यक्त किया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, ”मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए लोगों को 50,000 रुपये प्रति व्यक्ति देने की भी घोषणा की है।” विज्ञप्ति में कहा गया है कि कुमार ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि घायलों का बेहतर इलाज हो सके।
कटिहार के एसपी ने क्या बताया?
शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, भीषण टक्कर में कम से कम सात लोगों की मौत के बारे में जानकारी दी गई थी। कटिहार के एसपी शिखर चौधरी ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा कोढ़ा ब्लॉक के अंतर्गत एनएच-31 पर हुआ। दुर्घटना के बाद सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
13 की मौत, 30 लोग घायल
वहीं, कटिहार पुलिस स्टेशन ने एक विज्ञप्ति के जरिए जानकारी देते हुए बताया कि, “11 अप्रैल, 2026 को कटिहार जिले के कोढ़ा पुलिस स्टेशन के इलाके में गेराबारी के पास एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बस और एक पिकअप गाड़ी के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में हादसे में घायल हुए लगभग 30 लोगों को फर्स्ट एड के बाद एडवांस मेडिकल केयर के लिए पास के अस्पतालों में भेजा जा रहा है।”
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने जताया घटना पर शोक
इसके साथ ही, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कटिहार के प्रमुख नेता तारकिशोर प्रसाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। तारकिशोर प्रसाद ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कटिहार के कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत बसगढ़ा चौक के पास एनएच-31 पर सड़क हादसे में कई लोगों की मृत्यु की सूचना अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और बताया कि वह स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी यातायात नियमों का पालन करें और अनावश्यक जल्दबाजी से बचें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकती है।