Home » राजनीति » नागपुर में बीजेपी को बड़ा झटका, कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने 3,271 वोटों से दर्ज की जीत

नागपुर में बीजेपी को बड़ा झटका, कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने 3,271 वोटों से दर्ज की जीत

महाराष्ट्र के नागपुर में विधान परिषद चुनाव के नतीजों ने सियासी समीकरण बदल दिए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के गृह क्षेत्र में कांग्रेस ने बीजेपी को करारी चुनौती देते हुए नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की. . .

नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में विधान परिषद चुनाव के नतीजों ने सियासी समीकरण बदल दिए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के गृह क्षेत्र में कांग्रेस ने बीजेपी को करारी चुनौती देते हुए नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर जीत हासिल की है। कांग्रेस उम्मीदवार और मौजूदा एमएलसी अभिजीत वंजारी ने बीजेपी प्रत्याशी सुधाकर कोहाले को 3,271 मतों से पराजित किया। इस जीत के साथ ही कांग्रेस ने महाराष्ट्र के इन एमएलसी चुनावों में अपना खाता खोल लिया। उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में विधान परिषद की कुल 28 सीटों पर हुए चुनाव के नतीजे सामने आए। शुरुआती परिणामों में कांग्रेस को किसी भी राज्य में जीत नहीं मिली थी, लेकिन नागपुर सीट के अंतिम नतीजे ने पार्टी को राहत दी।

अभिजीत वंजारी ने बीजेपी उम्मीदवार को दी शिकस्त

नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस ने अपने मौजूदा एमएलसी अभिजीत वंजारी पर भरोसा जताया था। वहीं, बीजेपी ने पूर्व विधायक सुधाकर कोहाले को चुनावी मैदान में उतारा था। मतगणना पूरी होने के बाद वंजारी को कुल 67,231 वोट मिले, जबकि कोहाले के खाते में 63,960 वोट आए। इस तरह कांग्रेस उम्मीदवार ने 3,271 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। नागपुर में बीजेपी की हार को पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है, क्योंकि यह क्षेत्र देवेंद्र फडणवीस और नितिन गडकरी का गृह नगर है। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं ने सुधाकर कोहाले के समर्थन में जोर लगाया था। नागपुर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का मुख्यालय होने के कारण भी राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जाता है।

दूसरी पसंद के वोटों ने बदला चुनाव का रुख

नागपुर सीट पर मतगणना मंगलवार सुबह शुरू हुई थी और गुरुवार तड़के तक चली। शुरुआती चरणों में बीजेपी उम्मीदवार सुधाकर कोहाले आगे चल रहे थे, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया था। पहली पसंद के वोटों की गिनती के दूसरे दौर के बाद कोहाले को 60,924 वोट मिले थे, जबकि अभिजीत वंजारी को 56,630 वोट प्राप्त हुए थे। निर्दलीय उम्मीदवार नितेश कराले को भी 24,249 वोट मिले। हालांकि, किसी भी प्रत्याशी को जीत के लिए आवश्यक मतों का कोटा नहीं मिलने के कारण मतगणना दूसरी पसंद के वोटों तक पहुंच गई। इसके बाद एलिमिनेशन राउंड की प्रक्रिया पूरी हुई, जिसमें वंजारी ने बढ़त बनाते हुए जीत अपने नाम कर ली। एक वरिष्ठ चुनाव अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि अंतिम गणना में अभिजीत वंजारी को 67,231 और सुधाकर कोहाले को 63,960 वोट मिले।

नागपुर सीट पर कांग्रेस का मजबूत प्रदर्शन

नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का राजनीतिक इतिहास भी काफी महत्वपूर्ण रहा है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी लंबे समय तक इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और कई कार्यकाल तक एमएलसी रहे हैं। पिछले चुनाव में भी कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने बीजेपी उम्मीदवार संदीप जोशी को हराकर जीत हासिल की थी। इस बार दोबारा जीत दर्ज कर वंजारी ने नागपुर में कांग्रेस की राजनीतिक पकड़ को मजबूत करने का संकेत दिया है।

महाराष्ट्र की पांच एमएलसी सीटों पर किसने मारी बाजी?

महाराष्ट्र में विधान परिषद की पांच सीटों पर हुए चुनाव में महा विकास आघाड़ी (MVA) ने तीन सीटों पर जीत हासिल की, जबकि सत्तारूढ़ महायुति के खाते में दो सीटें आईं।

पांचों सीटों के परिणाम इस प्रकार रहे:

  • पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: बीजेपी के कौस्तुभ गावड़े ने जीत दर्ज की।
  • अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: एकनाथ शिंदे की शिवसेना के उम्मीदवार किरण सरनाईक विजयी रहे।
  • नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने बीजेपी के सुधाकर कोहाले को हराया।
  • पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: एनसीपी (शरद पवार गुट) की हर्षदा देशमुख-जाधव ने जीत हासिल की।
  • छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: एनसीपी (शरद पवार गुट) के डॉ. प्रतापसिंह पाटिल ने बाजी मारी।

MLC चुनाव के नतीजों से महाराष्ट्र की राजनीति में नई चर्चा

नागपुर में कांग्रेस की जीत ने महाराष्ट्र की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। बीजेपी के मजबूत माने जाने वाले क्षेत्र में मिली इस हार से पार्टी को झटका लगा है, जबकि कांग्रेस को अहम राजनीतिक बढ़त मिली है। महाराष्ट्र की पांच सीटों पर आए नतीजों में MVA का तीन सीटों पर कब्जा और महायुति की दो सीटों तक सीमित बढ़त विपक्ष के लिए उत्साहजनक मानी जा रही है। खास तौर पर नागपुर में अभिजीत वंजारी की जीत ने इस चुनाव को राज्य के सबसे चर्चित मुकाबलों में शामिल कर दिया है।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम