उत्तर 24 परगना जिले के बसिरहाट महकमे के बसिरहाट थाना क्षेत्र के गोटरा ग्राम पंचायत अंतर्गत शशीना गांव में भाजपा बूथ अध्यक्ष के घर के बाहर दो ताजा बम मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना 105 नंबर बूथ क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, भाजपा के बूथ अध्यक्ष अनिल बरण मल्लिक के घर के दरवाजे के सामने देर रात अज्ञात बदमाश दो ताजा बम रखकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह जब परिवार के लोग घर का दरवाजा खोलने पहुंचे, तब दरवाजे के बाहर बम पड़े देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बसिरहाट थाना पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने दोनों ताजा बमों को बरामद कर इलाके को घेर लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
भाजपा नेता असित बरण मल्लिक ने आरोप लगाया कि आगामी 2026 विधानसभा चुनाव में भाजपा की सक्रियता को देखते हुए तृणमूल समर्थित असामाजिक तत्वों ने डर फैलाने के उद्देश्य से यह घटना अंजाम दी है। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए घटना में किसी भी प्रकार की संलिप्तता से इनकार किया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।