Home » राजनीति » राजस्थान के 162 शहरी निकायों में मतदान शुरू, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; 57.52 लाख से अधिक मतदाता डालेंगे वोट

राजस्थान के 162 शहरी निकायों में मतदान शुरू, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; 57.52 लाख से अधिक मतदाता डालेंगे वोट

जयपुर। राजस्थान में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो गया। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के. . .

जयपुर। राजस्थान में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो गया। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदान शुरू होते ही कई केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगने लगीं। पहले चरण में राज्य के 39 जिलों के 162 शहरी स्थानीय निकायों में चुनाव हो रहा है। इनमें 131 नगरपालिकाएं, 27 नगर परिषदें और चार नगर निगम शामिल हैं। भरतपुर, अलवर, बीकानेर और भीलवाड़ा नगर निगमों के मतदाता भी इस चरण में अपने प्रतिनिधियों का चुनाव कर रहे हैं।

20 हजार से अधिक उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर

पहले चरण में कुल 20,623 उम्मीदवारों के चुनावी भविष्य का फैसला होगा। इसके लिए 57.52 लाख से अधिक मतदाता मतदान करने के पात्र हैं। चुनाव आयोग ने 5,393 वार्डों में मतदान के लिए 6,930 मतदान केंद्रों पर कुल 7,067 बूथ बनाए हैं। चारों नगर निगमों में कुल 279 वार्ड शामिल हैं। इनमें से 32 वार्डों में उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। शेष वार्डों में राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला देखने को मिल रहा है।

निगमों में कहीं सीधी तो कहीं बहुकोणीय टक्कर

चारों नगर निगमों के 73 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला है। वहीं 76 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबला होने की स्थिति है। इसके अलावा 130 वार्डों में बहुकोणीय मुकाबला चुनाव को और दिलचस्प बना रहा है।

सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे मतदाता

मतदान शुरू होने से पहले ही कई इलाकों में मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। अलवर में भी सुबह से लोगों में मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। शहर के 65 वार्डों के पार्षदों के चुनाव के लिए मतदाताओं ने मतदान केंद्रों का रुख किया। मतदान शुरू होने के कुछ ही देर बाद जयप्रकाश शर्मा ने डाक बंगला मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

मुख्यमंत्री ने की अधिक से अधिक मतदान की अपील

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से चुनावी प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने मतदाताओं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का आग्रह करते हुए खास तौर पर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को बड़ी संख्या में वोट डालने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लोगों से परिवार और परिचितों को भी मतदान के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।

शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय

राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान से संबंधित शिकायतों और अन्य चुनावी समस्याओं के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है। मतदाता या अन्य संबंधित लोग 0141-2227407 पर शिकायत अथवा रिपोर्ट दर्ज करा सकते हैं। आयोग ने मतदाताओं से मतदान केंद्र पर जाने से पहले मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की है। साथ ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध ‘मतदाता खोजें’ सुविधा के जरिए अपने मतदान केंद्र की जानकारी पहले से प्राप्त करने की सलाह दी गई है।

राजनीतिक दलों ने बांटी मतदाता पर्चियां

मतदान से एक दिन पहले मंगलवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता घर-घर पहुंचे और मतदाताओं को पर्चियां वितरित कीं। चुनाव आयोग की ओर से मतदाता पर्चियां बांटने की व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने यह जिम्मेदारी संभाली। पहले चरण के मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। अब सभी की नजरें मतदान प्रतिशत और चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम