संजय सिंह की पेशी के बीच सुप्रीम कोर्ट से आप को मिली बड़ी राहत, सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई जारी
नई दिल्ली। दिल्ली शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार (चार अक्टूबर) को लंबी पूछताछ के बाद राज्यसभा सांसद और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। रिमांड में लेने के लिए ईडी आज आप नेता को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश करेगी।
बता दें कि संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में अब तक 14 लोगों को अरेस्ट किया जा चुका है। संजय सिंह, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विश्वासपात्र हैं। इसलिए उनकी गिरफ्तारी से अब आम आदमी पार्टी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
संजय सिंह की पेशी के बीच एससी से आप को मिली बड़ी राहत
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस खन्ना ने स्पष्ट किया कि हमने आम आदमी पार्टी को आरोपी बनाने या नहीं बनाने के संबंध में सवाल नहीं किया था। मीडिया ने गलत तरीके से रिपोर्ट पेश की। दरअसल कल बुधवार को सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद आइएएनएस समचार एजेंसी के द्वारा जारी रिपोर्ट में यह बताया गया था कि आबकारी घोटाले में आम आदमी पार्टी का नाम क्यों नहीं है?
आप कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर जमा हुए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। ये लोग आप नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
दिल्ली की जनता को केजरीवाल के भ्रष्ट शासन से मिले मुक्ति- भाजपा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आबकारी घोटाला मामले में संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, “दिल्ली की जनता को अरविंद केजरीवाल के भ्रष्ट शासन से मुक्ति मिले, इसके लिए दिल्ली के हमारे सांसद और विधायक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट पर प्रार्थना सभा करेंगे।”
मनीष सिसोदिया की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली शराब घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसौदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई फिर से शुरू की है।
संजय सिंह की गिरफ्तारी किस आधार पर हुई, प्रमाण दें: आतिशी
दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने बृहस्पतिवार सुबह प्रेस वार्ता कर संजय सिंह की गिरफ्तारी के लिए एक बार फिर से भाजपा को घेरा है। उन्होंने कहा, “संजय सिंह को किस आधार पर गिरफ्तार किया गया, इसके सबूत दिए जाएं। अगर उनके घर से एक रुपया भी मिला हो बताएं। उन्हें सिर्फ इसलिए गिरफ्तार किया गया क्योंकि वे पीएम मोदी के भ्रष्टाचार पर लगातार आवाज उठा रहे थे। आतिशी के बाद मंत्री गोपाल राय ने भी प्रेस वार्ता कर कमोबेश यही बातें दोहराईं।” अभी थोड़ी देर में आप के कार्यकर्ता इस गिरफ्तारी के खिलाफ भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन भी करेंगे।
भ्रष्टाचार का सबूत पेश करे बीजेपी- आतिशी
दिल्ली शराब घोटाला मामले में संजय सिंह की गिरफ्तारी पर दिल्ली सरकार में मंत्री और आप नेत्री आतिशी ने भाजपा को भ्रष्टाचार का सबूत पेश करने की चुनौती है। उन्होंने कहा, “मैं बीजेपी को चुनौती देना चाहती हूं कि अगर संजय सिंह के आवास से भ्रष्टाचार का एक रुपया भी मिले तो पहले सबूत पेश करे। मैं बीजेपी को संजय सिंह के पैतृक घर और उनके बैंक लॉकर पर छापा मारने के लिए ईडी, सीबीआई भेजने के लिए आमंत्रित करती हूं। मैं चुनौती दे सकती हूं कि उनके यहां भ्रष्टाचार का एक पैसे नहीं मिलेगा।”
संजय सिंह के घर पहुंचे शिवसेना नेता संजय राउत
शिवसेना सांसद संजय राउत आज दिल्ली में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के आवास पर पहुंचे हैं। बता दें कि संजय सिंह को ईडी ने दिल्ली शराब घोटाला मामले में उनके आवास पर छापेमारी के बाद कल बुधवार शाम गिरफ्तार किया था।
बेटे की गिरफ्तारी पर केंद्र सरकार पर भड़के संजय सिंह के पिता
आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर उनके पिता दिनेश सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “उन्होंने (ईडी) वही किया जो उनके आकाओं ने उनसे कहा था। उन्हें मेरे घर में कुछ नहीं मिला। अगर किसी को कुछ नहीं मिलेगा, तो वह देर तक टटोलेगा ही। उन्हें (ईडी) कुछ नहीं मिला, इसलिए समय लगा।”
जनवरी में चार्जशीट में जोड़ा गया था संजय सिंह का नाम
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आबकारी घोटाला मामले में बीते फरवरी माह से जेल में बंद हैं। अब संजय सिंह को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। माना जा रहा है कि वह भी लंबे समय तक जेल से बाहर नहीं निकल पाएंगे। बता दें कि ईडी की चार्जशीट में संजय सिंह का नाम जनवरी में जोड़ा गया था।
2024 तक गिरफ्तार होंगे कई विपक्षी नेता- सौरभ भारद्वाज
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, “मौजूदा समय में देश में गरीबी, बेरोजगारी व महंगाई बढ़ रही है। अगर विपक्षी नेता लोगों की आवाज उठा रहे हैं तो उन्हें झूठे मुकदमे में जेल में डाला जा रहा है। 2024 तक केंद्र की मोदी सरकार बहुत सारे विपक्षी नेताओं को जेल में डालेगी ताकि कोई लोगों की बात न कर सके।”
ईडी ऑफिस के बाहर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात
दिल्ली में ईडी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। बता दें कि आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह को दिल्ली शराब घोटाला मामले में कल बुधवार शाम गिरफ्तार किए जाने के बाद यही रखा गया है।
Comments are closed.