Home » उत्तर प्रदेश » अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक, तीन नए सदस्य शामिल; CEO के नाम पर भी मंथन

अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक, तीन नए सदस्य शामिल; CEO के नाम पर भी मंथन

अयोध्या। अयोध्या की मणिरामदास छावनी में बुधवार को श्रीराम मंदिर ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में ट्रस्ट के तीन नए सदस्यों की घोषणा की गई। इनमें अयोध्या के मदन मोहन पांडेय, दिल्ली के महेश भागचंदका. . .

अयोध्या। अयोध्या की मणिरामदास छावनी में बुधवार को श्रीराम मंदिर ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में ट्रस्ट के तीन नए सदस्यों की घोषणा की गई। इनमें अयोध्या के मदन मोहन पांडेय, दिल्ली के महेश भागचंदका और अयोध्या की निर्मला यादव शामिल हैं। बैठक में अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन, कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरि, ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास और शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती समेत कई प्रमुख ट्रस्टी मौजूद हैं। बैठक को लेकर रामनगरी में पहले से ही काफी हलचल देखी जा रही थी।

राम मंदिर के पहले CEO के चयन पर अहम फैसला संभव

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा राम मंदिर के पहले मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) की नियुक्ति माना जा रहा है। CEO के चयन के लिए गठित तीन सदस्यीय सर्च कमेटी अपनी रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंप चुकी है। बताया जा रहा है कि कमेटी ने तीन नामों का पैनल ट्रस्ट के सामने रखा है। अब ट्रस्ट इन नामों पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद CEO के नाम पर अंतिम फैसला ले सकता है। बैठक के दूसरे चरण में ट्रस्ट से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

पूर्व IPS राजेश पांडेय की दावेदारी सबसे मजबूत!

CEO पद के लिए पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडेय का नाम सबसे मजबूत दावेदारों में बताया जा रहा है। उनकी दावेदारी को केवल उनके पुलिस और प्रशासनिक अनुभव के कारण ही महत्वपूर्ण नहीं माना जा रहा, बल्कि मंदिर प्रबंधन का उनका प्रत्यक्ष अनुभव भी उनकी प्रोफाइल को मजबूत करता है। राजेश पांडेय लखनऊ के अलीगंज स्थित ऐतिहासिक हनुमान मंदिर ट्रस्ट के सचिव भी हैं। ऐसे में धार्मिक संस्थान के प्रशासन और मंदिर व्यवस्था से जुड़े उनके अनुभव को राम मंदिर के CEO पद के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

CEO के सामने होंगी कई बड़ी जिम्मेदारियां

राम मंदिर के CEO की भूमिका महज प्रशासनिक कामकाज तक सीमित नहीं होगी। अयोध्या में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के बीच मंदिर व्यवस्था, सुरक्षा, सरकारी एजेंसियों के साथ समन्वय, वीआईपी और आम श्रद्धालुओं की व्यवस्थाएं तथा मंदिर से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट्स का प्रबंधन CEO की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल हो सकता है। इन्हीं चुनौतियों को देखते हुए सुरक्षा और प्रशासनिक तंत्र की जटिलताओं को करीब से समझने वाले राजेश पांडेय की दावेदारी पर विशेष नजर बनी हुई है।

बैठक में ये प्रमुख सदस्य और आमंत्रित सदस्य मौजूद

ट्रस्ट की बैठक में अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास समेत कई प्रमुख पदाधिकारी और आमंत्रित सदस्य शामिल हुए हैं।

  1. महंत नृत्य गोपाल दास
  2. कमलनयनदास
  3. स्वामी गोविंद देव गिरी
  4. डॉ. कृष्ण मोहन
  5. महंत दिनेंद्र दास
  6. दिनेशचंद्र जी
  7. बजरंग बांगाड़ा
  8. जगदीश आफले
  9. राज गोपाल मिनियार
  10. समीर पांडा

ट्रस्ट डीड और नियमावली में बदलाव पर भी चर्चा

CEO की नियुक्ति के अलावा बैठक में ट्रस्ट की डीड और न्यास नियमावली में संशोधन सहित कई अहम मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। बैठक दोपहर तीन बजे मणिरामदास छावनी में ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास की अध्यक्षता में हो रही है। अधिकांश ट्रस्टी अयोध्या पहुंच चुके हैं, जबकि कुछ सदस्य ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल होंगे।

बैठक से पहले रामलला के दरबार पहुंचे ट्रस्ट के पदाधिकारी

बैठक से पहले ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन के साथ रामलला के दर्शन किए। दोनों ने रामलला के दरबार में पूजा-अर्चना करने के साथ मंदिर की मौजूदा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। दर्शन-पूजन के बाद दोनों पदाधिकारी ट्रस्ट की बैठक से जुड़ी तैयारियों में जुट गए। अब सभी की नजरें बैठक में होने वाले फैसलों, खासकर राम मंदिर के पहले CEO की नियुक्ति पर टिकी हैं।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम