Home » खेल » आईपीएल 2026 प्लेऑफ सिनेरियो: अर्श से फर्श पर कैसे गिरी पंजाब की टीम? मंडरा रहा बाहर होने का खतरा; CSK-RR के पास बड़ा मौका

आईपीएल 2026 प्लेऑफ सिनेरियो: अर्श से फर्श पर कैसे गिरी पंजाब की टीम? मंडरा रहा बाहर होने का खतरा; CSK-RR के पास बड़ा मौका

धर्मशाला। आईपीएल 2026 में एक समय प्लेऑफ की मजबूत दावेदार नजर आ रही पंजाब किंग्स की स्थिति अब मुश्किल होती दिख रही है। लगातार खराब प्रदर्शन के कारण टीम पर बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। पंजाब के पास. . .

धर्मशाला। आईपीएल 2026 में एक समय प्लेऑफ की मजबूत दावेदार नजर आ रही पंजाब किंग्स की स्थिति अब मुश्किल होती दिख रही है। लगातार खराब प्रदर्शन के कारण टीम पर बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। पंजाब के पास अभी भी क्वालिफाई करने का मौका है, लेकिन इसके लिए उन्हें अपने बाकी मुकाबलों में जीत दर्ज करनी होगी और दूसरे मैचों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के लिए यह बड़ा मौका बन गया है। दोनों टीमें लगातार जीत के साथ प्लेऑफ की दौड़ में मजबूत दावेदारी पेश कर सकती हैं।
आईपीएल 2026 अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। दो टीमें, लखनऊ सुपर जाएंट्स और मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी हैं। अब बाकी आठ टीमों के बीच टॉप-चार के लिए जबरदस्त जंग चल रही है। कुछ टीमें जीत के साथ अपना टिकट पक्का कर सकती हैं, जबकि कुछ को दूसरे मैचों के नतीजों और नेट रन रेट (NRR) का सहारा चाहिए होगा।
गुरुवार को आईपीएल 2026 के 58वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को छह विकेट से हराया। हालांकि, इस जीत के बावजूद अंक तालिका में एमआई की स्थिति नहीं बदली। वहीं, लगातार पांचवीं हार झेलने वाली पंजाब चौथे स्थान पर बरकरार है। हालांकि, टीम पर अब बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। अगले दो मैच में उन्हें जीत हासिल करनी ही होगी। एक भी हार उन्हें प्लेऑफ के रेस से बाहर कर देगी। अब चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के पास शीर्ष चार में जगह बनाने का अच्छा मौका है। आइए पहले अंक तालिका का हाल जानते हैं…

अंक तालिका का हाल

मुंबई इंडियंस के 12 मुकाबलों में अब आठ पॉइंट्स हो गए हैं और टीम नौवें स्थान पर ही बनी हुई है। एमआई पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। 12 मुकाबलों में 16 पॉइंट्स के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) पहले स्थान पर काबिज है। वहीं, इतने ही मुकाबलों में 16 पॉइंट्स के साथ गुजरात टाइटंस (जीटी) दूसरे स्थान पर मौजूद है। आरसीबी का नेट रन रेट जीटी से बेहतर है। सनराइजर्स हैदराबाद 12 मुकाबलों में 14 पॉइंट्स के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर बनी हुई है।
लगातार पांचवीं हार के बावजूद पंजाब किंग्स चौथे स्थान पर कायम है। हालांकि, पीबीकेएस के लिए प्लेऑफ की राह अब थोड़ी मुश्किल हो गई है। पंजाब किंग्स के 12 मुकाबलों के बाद 13 पॉइंट्स हैं। चेन्नई सुपर किंग्स 11 मुकाबलों में 12 पॉइंट्स के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर काबिज है। राजस्थान रॉयल्स के भी 11 मुकाबलों में 12 पॉइंट्स हैं और टीम छठे स्थान पर है। दिल्ली कैपिटल्स 10 पॉइंट्स के साथ सातवें, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स नौ पॉइंट्स के साथ आठवें स्थान पर है। अब जानते हैं कि किस टीम का समीकरण क्या है…

आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल

टीममैचजीतहारबेनतीजाअंकनेट रन रेट
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु1284016+1.053
गुजरात टाइटंस1284016+0.551
सनराइजर्स हैदराबाद1275014+0.331
पंजाब किंग्स1265113+0.355
चेन्नई सुपर किंग्स1165012+0.185
राजस्थान रॉयल्स1165012+0.082
दिल्ली कैपिटल्स1257010-0.993
कोलकाता नाइट राइडर्स114619-0.198
मुंबई इंडियंस (बाहर)124808-0.504
लखनऊ सुपर जाएंट्स (बाहर)113806-0.907

सबसे मजबूत स्थिति में आरसीबी

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस समय 16 अंकों और शानदार 1.053 नेट रन रेट के साथ टेबल में सबसे मजबूत स्थिति में है। टीम के दो मैच बाकी हैं, पहला पंजाब किंग्स और दूसरा सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ। अगर आरसीबी दोनों मैच जीत लेती है, तो वह सिर्फ प्लेऑफ ही नहीं बल्कि टॉप-2 भी लगभग पक्का कर लेगी। एक जीत भी उन्हें काफी हद तक सुरक्षित बना देगी। खासतौर पर अगर आरसीबी की टीम पंजाब को हराती है, तो 18 अंक के साथ क्वालिफाई करना तय माना जाएगा। उनकी सबसे बड़ी ताकत उनका बेहतरीन नेट रन रेट है।

बाकी बचे मुकाबले
RCB vs PBKS (17 मई), SRH (22 मई)

गुजरात टाइटंस भी मजबूत दावेदार

गुजरात टाइटंस भी 16 अंकों पर है और उनके पास 20 अंक तक पहुंचने का मौका है। टीम के मुकाबले कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स से हैं। अगर गुजरात दोनों मैच जीतती है तो टॉप-2 तय हो जाएगा। अगर टीम 18 अंकों पर खत्म करती है, तो वह कम से कम सीएसके को हराना चाहेगी ताकि उसका प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय हो जाए। लेकिन अगर वह केकेआर को हरा दे और सीएसके से हार जाए, तो फिर उसे दूसरे मैचों के नतीजों और नेट रन रेट पर निर्भर रहना पड़ेगा। वहीं, अगर टीम अपने आखिरी दोनों मुकाबले हार जाती है और सिर्फ 16 अंकों पर रुकती है, तो उसका प्लेऑफ में पहुंचना पूरी तरह दूसरे परिणामों और नेट रन रेट पर निर्भर होगा।

बाकी बचे मुकाबले
GT vs KKR (16 मई), CSK (21 मई)

सनराइजर्स के लिए हर मैच अहम

सनराइजर्स हैदराबाद के पास 14 अंक हैं और उन्हें सीएसके और आरसीबी से भिड़ना है। दोनों मैच जीतने पर सनराइजर्स हैदराबाद सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। लेकिन अगर टीम सिर्फ एक मैच जीतती है, तो सीएसके के खिलाफ जीत ज्यादा जरूरी होगी। अगर हैदराबाद सीएसके से हारती है, तो आरसीबी के खिलाफ आखिरी मैच करो या मरो जैसा बन जाएगा।

बाकी बचे मुकाबले
SRH vs CSK (18 मई), RCB (22 मई)

पंजाब किंग्स की राह थोड़ी मुश्किल

पंजाब के 13 अंक हैं और उनके दो मैच बाकी हैं, आरसीबी और लखनऊ के खिलाफ। पिछले पांच मैच हारकर टीम मुश्किल में है। दो मैच जीतकर पंजाब 17 अंक तक पहुंच सकती है और आसानी से क्वालिफाई कर जाएगी, क्योंकि आईपीएल में 16 या इससे ज्यादा अंक लेकर आज तक कोई टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर नहीं हुई है, लेकिन अब अगर एक और हार मिलती है तो फिर अधिकतम 15 अंक तक पहुंच पाएगी। ऐसे में टीम को दूसरे नतीजों पर भी नजर रखनी होगी। शानदार फॉर्म में चल रही आरसीबी से उनका मुकाबला करो या मरो वाला होगा। हार उनके सफर को लगभग समाप्त कर देगी। क्योंकि पीछे चेन्नई और राजस्थान के पास मौका रहेगा।

बाकी बचे मुकाबले
PBKS vs RCB (17 मई), LSG (23 मई)

चेन्नई ने फिर जगा दी उम्मीद

पंजाब की हार ने सीएसके को मौका दिया है। सीएसके ने शुरुआती कुछ मैचों में हार के बाद वापसी करते हुए प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखी हैं। उनके सामने लखनऊ, सनराइजर्स और गुजरात जैसी चुनौतियां हैं।सीएसके अगर तीनों मैच जीतती है तो 18 अंक तक पहुंच सकती है। लेकिन 16 अंक पर मामला नेट रन रेट तक जा सकता है। खासतौर पर सनराइजर्स के खिलाफ मुकाबला टीम के लिए सबसे बड़ा मैच माना जा रहा है। अगर सीएसके सिर्फ 14 अंकों तक ही पहुंच पाती है, तो उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए पांच दूसरी टीमों के मैचों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा। वहीं अगर टीम अपने बाकी बचे तीनों लीग मुकाबले हार जाती है, तो उसके प्लेऑफ में पहुंचने की कोई संभावना नहीं बचेगी।

बाकी बचे मुकाबले
CSK vs LSG (15 मई), SRH (18 मई), GT (21 मई)

राजस्थान रॉयल्स की स्थिति

राजस्थान रॉयल्स के भी 12 अंक हैं और उन्हें दिल्ली, लखनऊ और मुंबई से खेलना है। आरआर के पास 18 अंक तक पहुंचने का मौका है, लेकिन उनका नेट रन रेट बहुत मजबूत नहीं है। इसलिए सिर्फ जीत नहीं, बड़े अंतर से जीत भी जरूरी होगी। अगर राजस्थान 16 अंकों पर सीजन खत्म करती है, तो उसे सनराइजर्स, पंजाब और सीएसके के मैचों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा। वहीं अगर टीम सिर्फ 14 अंकों तक ही पहुंचती है, तो उसके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं और भी कम हो जाएंगी।

बाकी बचे मुकाबले
RR vs DC (17 मई), LSG (19 मई), MI (24 मई)

दिल्ली की स्थिति

दिल्ली कैपिटल्स के 12 मैचों में 10 अंक हैं। उनका सामना अब राजस्थान और कोलकाता से होना है। हालांकि, उनके सामने सबसे कठिन चुनौती उनका खराब नेट रन रेट है। टीम को 14 अंकों तक पहुंचने के लिए अपने दोनों बचे हुए मैच हर हाल में जीतने होंगे और साथ ही नेट रन रेट में भी बड़ा सुधार करना होगा। इसके अलावा दिल्ली को दूसरे मुकाबलों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। सिर्फ दूसरी टीमों की हार ही नहीं, बल्कि जीत-हार का अंतर भी उनके प्लेऑफ समीकरण में अहम भूमिका निभाएगा।

बाकी बचे मुकाबले
DC vs RR (17 मई), KKR (24 मई)

केकेआर का हाल खराब

केकेआर के 11 मैचों में नौ अंक हैं। टीम का नेट रन रेट बहुत खराब है। टीम अधिकतम 15 अंक तक पहुंच सकती है, लेकिन उसके लिए हर मैच जीतने होंगे। केकेआर के अगले तीन मुकाबले गुजरात, मुंबई और दिल्ली से हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मिली हार ने कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेऑफ उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है। इसके साथ दूसरे मुकाबलों के नतीजों का भी अपने पक्ष में जाना जरूरी होगा। अगर टीम 13 अंकों पर खत्म करती है, तो व्यावहारिक रूप से उसका प्लेऑफ से बाहर होना तय माना जाएगा। वहीं 11 या नौ अंकों के साथ केकेआर के पास क्वालिफाई करने का कोई मौका नहीं रहेगा।

बाकी बचे मुकाबले
KKR vs GT (16 मई), MI (20 मई), DC (24 मई)

किसकी संभावना सबसे ज्यादा?

फिलहाल आरसीबी और जीटी सबसे मजबूत दावेदार नजर आ रहे हैं। बाकी के दो स्थानों के लिए सनराइजर्स, पंजाब, सीएसके और राजस्थान के बीच कांटे की टक्कर दिख रही है। आने वाले मुकाबलों में सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि नेट रन रेट भी प्लेऑफ का फैसला कर सकता है।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम