पटना । ‘खान सर’ की कोचिंग सेंटर में तोड़-फोड़ के मामले में ज्ञान बिंदु GS एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद को जमानत मिल गई है। जमानत पर रिहा होने के बाद रौशन आनंद ने कहा, “मेरे खिलाफ साजिश रची गई है। फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक RS प्रसाद की रची साजिश के तहत मेरे भाई की हत्या कर दी गई। जब मैं बाहर था, तो मेरे भाई को कुछ नहीं हुआ। लेकिन जब मुझे जेल भेजा गया, तो मेरे भाई की हत्या कर दी गई। यह एक साजिश है। फैजल खान ने बहुत झूठ बोला है। हमारी तरफ से कोई फायरिंग नहीं हुई थी, फिर भी उन्होंने दावा किया कि फायरिंग हुई थी। CCTV फ़ुटेज में दिखा कि फायरिंग किसने की थी- फैजल खान ने। फिर भी, फैजल खान जेल से बाहर हैं। पुलिस ने उन्हें गिरफ्ताप नहीं किया है।”
मैं अपने भाई के अंतिम संस्कार के लिए जा रहा हूं
रौशन आनंद ने कहा, “मैं अपने भाई के अंतिम संस्कार के लिए जा रहा हूं… मैं पटना पुलिस से पूछना चाहता हूं कि बिना जांच के मुझे क्यों गिरफ़्तार किया गया? कौन सा नेता फैजल खान को बचा रहा है? किसके राजनीतिक दबाव में मुझे गिरफ्तार किया गया? जब फैजल खान के खिलाफ मामला दर्ज हुआ, तो पटना पुलिस के पास उसे गिरफ्तार करने के लिए 48 से 72 घंटे का समय था। फिर भी, किसके कहने पर पटना पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई? जब एक साजिश के तहत मेरे भाई की हत्या हुई, तब मैं जेल में था, फैजल खान मेरी भी हत्या करवा सकता है। मैं पटना पुलिस से सुरक्षा की मांग करता हूं। फैजल खान ने ही गोली चलाने का आदेश दिया था, फिर भी इल्ज़ाम मुझ पर मढ़ दिया गया। इस बात के सबूत हैं कि फैजल खान ने गोली चलाने का आदेश दिया था। फिर भी, पटना पुलिस ने उसे गिरफ़्तार नहीं किया, किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक RS प्रसाद और फैजल खान ने मिलकर मेरे भाई की हत्या की साजिश रची, और वे मेरी भी हत्या करवा सकते हैं। मैं पटना पुलिस से सुरक्षा की मांग करता हूं।”
डबल इंजन सरकार पर भरोसा है कि हमें न्याय मिलेगा
रौशन आनंद ने कहा कि हम लड़ाई लड़ेंगे, डबल इंजन सरकार पर भरोसा है कि हमें न्याय मिलेगा। हम सरकार से मांग करते हैं कि हमारे भाई की हत्या हुई है इसकी सीबीआई जांच हो, उच्च स्तरीय कमेटी गठित करके हमारे भाई का फिर से पोस्टमार्टम बिहार में हो। फैजल खान शिक्षक कहलाने के लायक नहीं है, गुंडा है, हत्यारा है, षड्यंत्रकारी है। उसने विद्यार्थियों को छला है, उसने BPSC मामले में क्या कहा था, हमारे पास सबूत हैं, लेकिन जब मामला कोर्ट में गया तो उसने कोई सबूत नहीं दिया।
हमारे भाई की हत्या हो गई है,
उन्होंने कहा, “फैजल खान पर्दे के आगे दिखावटी शिक्षक है, फैजल खान ने गोली चलवाई। 2 जून की जो घटना है सबको स्पष्ट है कि गोली किसने चलाई, गोली फैसल खान ने चलवाया लेकिन आरोप रौशन आनंद पर लगा। जिसको अपना गार्ड बताया वो कोल्ड स्टोरेज कैंपस का गार्ड है। किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आर एस प्रसाद और फैजल खान ने षड्यंत्र के तहत हमें जेल भिजवाया।”
रौशन आनंद ने आगे कहा, “मैनेज करने का प्रेशर हम पर बनाया गया और उसी रात मेरे भाई की हत्या हो गई। कहा समझौता नहीं किया तो आपको भुगतना पड़ेगा और हम भुगत रहे हैं। हमारे भाई की हत्या हो गई है, 13 तारीख को कई बार समझौते का दबाव हम पर बनाया गया। जेल में साजिश रची गई थी, लेकिन जेल प्रशासन की वजह से मैं बच पाया। फैजल खान ने पुलिस को सहयोग नहीं किया है। पटना पुलिस को गुमराह किया फिर भी मैं गिरफ्तार हुआ। मैं सनातनी हिन्दू हूं। सत्य और अहिंसा के साथ मैं रहता हूं। फैजल खान इमोशनली ब्लैकमेल करता है, विद्यार्थियों से आग्रह करूंगा, आप इमोशन में ना आएं।”