नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह दोनों राज्यों में 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री वडोदरा में एक जनसभा को संबोधित करने के साथ मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2026 का उद्घाटन भी करेंगे।
वडोदरा में माल ढुलाई गलियारे के तीन खंड राष्ट्र को समर्पित
प्रधानमंत्री दोपहर में वडोदरा में पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (डब्ल्यूडीएफसी) के तीन महत्वपूर्ण खंडों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनकी कुल लंबाई 326 किलोमीटर है और इन्हें 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। इनमें न्यू सानंद (उत्तर)-न्यू मकरपुरा, न्यू उंबरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-न्यू जेएनपीटी खंड शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण (जेएनपीए) तक सीधी रेल कनेक्टिविटी से आयात-निर्यात कार्गो की आवाजाही तेज होगी। इससे औद्योगिक केंद्रों और बंदरगाहों के बीच संपर्क मजबूत होगा तथा लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आएगी।
मालगाड़ियों और नई यात्री ट्रेन को हरी झंडी
प्रधानमंत्री विभिन्न स्थानों से मालगाड़ियों की सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें न्यू सानंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उंबरगांव और न्यू जेएनपीटी से संचालित होने वाली मालगाड़ियां शामिल हैं।
इसके अलावा प्रधानमंत्री टांडा रोड और वडोदरा (प्रताप नगर) के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
आदिवासी क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी छोटा उदेपुर-धार परियोजना के तहत विकसित जोबट-टांडा रोड नई रेल लाइन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस रेल लाइन से अलीराजपुर के दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी।
329 किलोमीटर की तीन रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला
प्रधानमंत्री 329 किलोमीटर लंबी और 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली तीन रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी लाइन, मियागम करजन-चोरंडा-मलसर गेज रूपांतरण और विश्वामित्री-दभोई दोहरीकरण परियोजना शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से यात्री और माल ढुलाई क्षमता बढ़ने, रेल मार्गों पर भीड़ कम होने तथा गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर भी बड़ा निवेश
प्रधानमंत्री करीब 1,780 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें एनएच-48 के कामरेज-चलथान खंड का छह लेन निर्माण, वडोदरा-सूरत खंड पर तापी और नर्मदा नदियों पर बने प्रमुख पुलों समेत अतिरिक्त संरचनाओं का निर्माण और एनएच-53 पर अभवा, मिंधोला तथा खजोद जंक्शनों पर ग्रेड सेपरेटेड संरचनाओं का निर्माण शामिल है।
गुजरात सरकार की 2,600 करोड़ रुपये की परियोजनाएं
प्रधानमंत्री गुजरात सरकार की करीब 2,600 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कई परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। प्रमुख परियोजनाओं में वडोदरा शहरी विकास प्राधिकरण रिंग रोड का चरण, कडाना बांध पर 110 मेगावाट की फ्लोटिंग सोलर परियोजना और वडोदरा नगर निगम के नए कार्यालय का निर्माण शामिल है। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत आवास परियोजनाओं और पूर्वी वडोदरा के 11 गांवों के लिए जलापूर्ति परियोजना का उद्घाटन किया जाएगा।
मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का उद्घाटन
शाम करीब 5:45 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2026 का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। जीएफएफ का सातवां संस्करण 8 से 11 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। वर्ष 2020 से यह सम्मेलन वित्त के भविष्य पर वैश्विक चर्चा का महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है। इसमें नीति निर्माता, नियामक, केंद्रीय बैंक, वित्तीय संस्थान, फिनटेक कंपनियां, प्रौद्योगिकी कंपनियां, निवेशक और शिक्षाविद शामिल होते हैं।
एजेंटिक एआई और क्वांटम तकनीक पर रहेगा फोकस
जीएफएफ 2026 का विषय ‘प्रभाव डालने की क्षमताः एजेंटिक एआई, टोकनाइजेशन, क्वांटम समावेशी वित्त के लिए विश्वसनीय, कनेक्टेड, वैश्विक प्रणालियां’ है। सम्मेलन में एजेंटिक एआई, प्रोग्रामेबल फाइनेंस, क्वांटम तकनीक और अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों के माध्यम से वित्तीय क्षेत्र में बदलाव पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य डिजिटल भुगतान और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में भारत की भूमिका को और मजबूत करना तथा तकनीकी संभावनाओं को वास्तविक और समावेशी परिणामों में बदलने पर जोर देना है।