कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली प्रचंड जीत के पांच दिन बाद आज शनिवार को बंगाल में शपथ ग्रहण समारोह है। सुवेंदु अधिकारी बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत बीजेपी के कई बड़े नेता और राज्यों के मुख्यमंत्री इस शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बनेंगे।
सुवेंदु अधिकारी को शुक्रवार को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल के सीएम के लिए सुवेंदु अधिकारी के नाम का एलान किया। बंगाल की नई सरकार से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए जुड़े रहिए हमारे लाइव ब्लॉग के साथ…
पीएम मोदी के साथ परेड ग्राउंड पहुंचे सुवेंदु अधिकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सुवेंदु अधिकारी को लेकर शपथग्रहण के लिए ब्रिगेड मैदान पहुंचे हैं। पीएम मोदी और सुवेंदु अधिकारी के साथ में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य भी गाड़ी में सवार नजर आए।
बंगाल के राज्यपाल परेड ग्राउंड पहुंचे
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि, भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाने के लिए कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंच गए हैं।
बंगाल के लिए ऐतिहासिक भोर, शपथग्रहण से पहले बोले सुवेंदु अधिकारी
शपथग्रहण से पहले बंगाल के मुख्यमंत्री बनने जा रहे सुवेंदु अधिकारी ने कहा, ‘बंगाल के लिए ऐतिहासिक भोर। कुशासन का अंत और विकास व शांति के डबल-इंजन युग की शुरुआत।’
पीएम मोदी ब्रिगेड मैदान पहुंचे
सुवेंदु अधिकारी थोड़ी ही देर में कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पीएम मोदी ब्रिगेड मैदान पहुंच गए हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ भी शपथग्रहण समारोह में होंगे शामिल
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंच गए हैं।
पीएम मोदी कोलकाता पहुंचे
पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। इस नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता पहुंच गए हैं।
सुवेंदु सरकार देगी शुभ संकेत- दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता
सीएम रेखा गुप्ता कोलकाता पहुंच गई हैं। रेखा गुप्ता ने कहा, ‘मुझे बंगाल और उसकी बेटियों के लिए बहुत खुशी है, जिन्होंने 15 वर्षों तक अत्याचार सहे। आज बंगाल का दिन है, जहां अब विकास और आस्था होगी। बंगाल में अब सुवेंदु अधिकारी सरकार के अधीन भ्रष्टाचार और अत्याचार समाप्त हो गए हैं। सुवेंदु सरकार शुभ संकेत देगी।’