कोलकाता / चेन्नई । लोकतंत्र के महापर्व में आज पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में वोट डाले जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान हों रहे हैं। सभी पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वहीं तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में वोट डाले जा रहे हैं। दोनों राज्यों में प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच कड़ी टक्कर है। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। अ
दोपहर 1 बजे तक पश्चिम बंगाल में 62% से ज्यादा मतदान
दोपहर 01:00 बजे तक के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु दोनों ही राज्यों में वोटिंग की रफ्तार काफी ते है। पश्चिम बंगाल (चरण-1) में मतदान की गति सबसे अधिक देखी जा रही है। दोपहर 1 बजे तक बंगाल में 62.18% मतदान दर्ज किया जा चुका है। भारी सुरक्षा के बीच लोग बड़ी संख्या में अपने घरों से निकलकर पोलिंग बूथों पर पहुंच रहे हैं। वहीं तमिलनाडु में भी चुनावी माहौल काफी गर्म है। यहां दोपहर 1 बजे तक 56.81% वोटिंग दर्ज की गई है।
ईवीएम खराबी को लेकर कांग्रेस की नाराजगी
पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान मुर्शिदाबाद में बेरहामपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने एक मतदान केंद्र पर ईवीएम खराबी को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने फोन पर चुनाव अधिकारी से बात करते हुए कहा कि बूथ नंबर 141 पर ईवीएम बार-बार खराब हो रही है, जिससे धूप में खड़े मतदाताओं को बिना वोट डाले वापस जाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक मशीन चार बार बदली जा चुकी है, लेकिन नई ईवीएम भी ठीक से काम नहीं कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से तुरंत हस्तक्षेप कर समस्या को हल करने की मांग की।
खोवार स्कूल के बूथ नंबर 141 पर मतदाताओं ने ईवीएम में खराबी की शिकायत
पश्चिम बंगाल चुनाव के पहले चरण के दौरान मुर्शिदाबाद के गोराबाजार इलाके में स्थित खोवार स्कूल के बूथ नंबर 141 पर मतदाताओं ने ईवीएम में खराबी की शिकायत की है। बताया जा रहा है कि मतदान के बीच मशीन सही तरीके से काम नहीं कर रही थी, जिससे वोटिंग प्रक्रिया प्रभावित हुई। शिकायत के बाद अधिकारियों ने मामले को ठीक करने की कोशिश शुरू कर दी है।
भीड़ द्वारा हमले के बाद सुवेंदु सरकार ने क्या कहा?
पश्चिम बंगाल के कुमारगंज में भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार ने चुनाव के दौरान गड़बड़ी और हमले के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके पोलिंग एजेंट्स को 8-10 बूथों से जबरन बाहर निकाल दिया गया था, लेकिन उन्होंने खुद हस्तक्षेप कर उन्हें वापस अंदर जाने दिलाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह बूथ नंबर 24 पर स्थिति देखने पहुंचे, तो उन पर और उनकी टीम पर हमला किया गया, ताकि डर का माहौल बनाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बल मौजूद थे, लेकिन उस समय उनके साथ सिर्फ उनका बॉडीगार्ड था। सुवेंदु सरकार ने दावा किया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव हार चुकी हैं और इसी डर के कारण टीएमसी के लोग इस तरह की घटनाएं कर रहे हैं।
गाड़ी तोड़ने के आरोपों पर टीएमसी नेता का पलटवार
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में नाओदा क्षेत्र के टीएमसी ब्लॉक अध्यक्ष सोफियुज्जमान शेख ने आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के प्रमुख हुमायूं कबीर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दिन हुमायूं कबीर कई गाड़ियों के साथ पहुंचे और उनके साथ कुछ असामाजिक लोग भी थे। उनका आरोप है कि वे उनके पोलिंग एजेंट्स को हटाने की कोशिश कर रहे थे और इलाके में माहौल खराब कर रहे हैं।टीएमसी नेता ने कहा कि उन्होंने इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग और पुलिस से की है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वे नाओदा में हुमायूं कबीर को खुलकर घूमने नहीं देंगे और अगर वह वहां आते हैं, तो उनका विरोध किया जाएगा।
टीएमसी कार्यकर्ताओं और AUJP कार्यकर्ता की गाड़ी तोड़ी
मुर्शिदाबाद में टीएमसी कार्यकर्ताओं और AUJP कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद के दौरान AUJP कार्यकर्ता की गाड़ी तोड़ दी गई। इस घटना से इलाके में तनाव और बढ़ गया।