चेन्नई। आईपीएल 2026 के 22वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 32 रनों से हार का सामना करना पड़ा। केकेआर की यह इस सीजन की चौथी हार है। मंगलवार को इस हार के साथ ही केकेआर के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है। आईपीएल इतिहास में यह पहला मौका है जब केकेआर शुरुआती 5 मुकाबलों में एक भी जीत दर्ज करने में नाकाम रही है।
5 मैचों में एक भी नहीं जीती केकेआर की टीम
इस सीजन केकेआर ने अब तक कुल 5 मुकाबले खेले हैं जिसमें से टीम को 4 में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स से मिले 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 160 रन ही बना सकी।
नहीं चल पाए केकेआर के बल्लेबाज
फिन एलन सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए, जबकि सुनील नरेन 17 गेंदों में 24 रन बनाने के बाद खलील अहमद का शिकार बने। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 17 गेंदों में 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अंगकृष रघुवंशी भी अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 19 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए।
रिंकू सिंह-कैमरून ग्रीन फिर हुए फेल
रिंकू सिंह का भी बल्ला खामोश रहा और वह सिर्फ 6 रन ही बना सके। कैमरून ग्रीन को नूर अहमद ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। रोवमैन पॉवेल ने 22 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि रमनदीप सिंह ने 35 रनों का योगदान दिया। दोनों ने मिलकर 7वें विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी निभाई लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाए। सीएसके की ओर से गेंदबाजी में नूर अहमद का जादू चला और उन्होंने महज 21 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, अंशुल कंबोज ने 2 विकेट अपने नाम किए।
सीएसके ने बनाए थे 192 रन
इससे पहले, चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 5 गंवाकर 192 रन बनाए। टीम की तरफ से संजू सैमसन ने 32 गेंदों में 48 रन बनाए। वहीं आयुष म्हात्रे ने 17 गेंदों में 38 रन बनाए। हालांकि, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ सिर्फ 7 रन ही बना सके। डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 41 रन बनाए। सरफराज खान ने 18 गेंदों में 23 रन बनाए।
सीएसके ने केकेआर को 32 रनों से हराया
मंगलवार को आईपीएल में केकेआर और सीएसके के बीच मैच खेला गया। इसमें केकेआर की टीम को 32 रनों से हार मिली है। सीएसके की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 192 रन बनाए थे। यानी केकेआर को केवल 193 रन ही बनाने थे, लेकिन टीम वहां तक भी नहीं पहुंच पाई। जब सीएसके की बैटिंग का आखिरी ओवर शुरू हुआ तो पता चला कि केकेआर की टीम स्लोओवर रेट में फंस गई है। अब आईपीएल ने एक्शन लेते हुए कप्तान रहाणे पर जुर्माना लगा दिया है।
अजिंक्य रहाणे पर स्लोओवर रेट के कारण लगा 12 लाख का जुर्माना
आईपीएल की ओर से इस बारे में बताया गया है कि कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर जुर्माना लगाया गया है। रहाणे की टीम ने चेन्नई के MA चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच नंबर 22 के दौरान धीमी ओवर-रेट बनाए रखी। यह IPL के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत इस सीज़न में उनकी टीम का पहला उल्लंघन था, जो मिनिमम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है। रहाणे पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
टीम का अगला मुकाबला 17 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ
हालांकि रहाणे पर ये एक्शन पहली बार लिया गया है, इसलिए छोटा जुर्माना लगा है और रहाणे अगले मैच में खेलते रहेंगे। लेकिन अगर एक और दफा ऐसा हुआ तो जुर्माने की राशि बढ़कर 25 लाख भी की जा सकती है। इस बीच केकेआर का अगला मुकाबला इस साल के आईपीएल में 17 अप्रेल को गुजरात टाइटंस से होगा। अगर इस मैच में भी केकेआर की टीम हारी तो फिर उसके लिए रही बची संभावना भी खत्म हो जाएगी।