ब्यूनस आयर्स। फुटबॉल प्रेमियों और लियोनेल मेसी के फैंस के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी के विश्व कप में खेलने को लेकर बनी सस्पेंस की स्थिति अब पूरी तरह साफ हो गई है। मेसी की चोट को लेकर प्रशंसकों के बीच बनी गहरी चिंता को दूर करते हुए अर्जेंटीना ने आगामी फुटबॉल विश्व कप के लिए अपनी अंतिम टीम (स्कवॉड) की घोषणा कर दी है। मेसी न केवल टीम में लौटे हैं, बल्कि वे एक बार फिर ‘ला एलबिसेलेस्ते’ (अर्जेंटीना) की कप्तानी करते हुए अपने खिताब को बचाने के लिए मैदान पर उतरेंगे।
मैदान पर कदम रखते ही मेसी के नाम एक बड़ा कीर्तिमान दर्ज हो जाएगा। वे दुनिया के इतिहास में रिकॉर्ड छठी बार विश्व कप खेलने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। इसके साथ ही वे विश्व कप में सबसे ज्यादा मैच खेलने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लेंगे।
चोट की आशंकाएं हुईं दूर, कोच स्कालोनी ने युवा और अनुभव को चुना
गुरुवार देर रात अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने विश्व कप के लिए जिस टीम का एलान किया है, उसमें अनुभव और युवा जोश का शानदार मिश्रण देखने को मिल रहा है।
पिछले कुछ समय से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि मेसी शायद इस बार नीली-सफेद जर्सी में नजर न आएं। कुछ दिन पहले ही इंटर मियामी (Inter Miami) के लिए मैच खेलते समय वे अचानक चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए थे, जिससे प्रशंसकों की धड़कनें बढ़ गई थीं। लेकिन अब वे पूरी तरह फिट होकर टीम की अगुवाई करने के लिए तैयार हैं।
कौन अंदर, कौन बाहर?
इन (ये खिलाड़ी संभालेंगे कमान): साल 2022 के कतर विश्व कप विजेता टीम के 17 खिलाड़ियों को इस टीम में बरकरार रखा गया है। फाइनल मैच के हीरो रहे गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज टीम की मुख्य दीवार होंगे। इसके अलावा टीम में वेलेंटिन बार्को, निकोलस पाज और गियानू सिमीओने जैसे प्रतिभावान नए चेहरों को शामिल किया गया है। आउट (दिग्गज की खलेगी कमी): कतर विश्व कप के फाइनल में दो गोल दागने वाले अर्जेंटीना के दिग्गज फॉरवर्ड एंजेल डी मारिया इस बार नजर नहीं आएंगे, क्योंकि वे पहले ही अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले चुके हैं।
16 जून को पहला मुकाबला: विश्व कप में अर्जेंटीना अपने अभियान की शुरुआत 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ मैच से करेगा। अर्जेंटीना को इस बार ग्रुप स्टेज में अल्जीरिया के अलावा जॉर्डन और ऑस्ट्रेलिया के साथ रखा गया है।
अर्जेंटीना का पूरा विश्व कप स्कवॉड
गोलकीपर: एमिलियानो मार्टिनेज, जेरोनिमो रुली, जुआन मुसो।
डिफेंडर: लियोनार्डो बलेर्डी, गोंजालो मोंटिएल, निकोलस टैगलियाफिको, लिसैंड्रो मार्टिनेज, क्रिस्टियन रोमेरो, निकोलस ओटामेंडी, फैकुंडो मदीना, नहुएल मोलिना।
मिडफील्डर: लिएंड्रो परेडेस, रोड्रिगो डी पॉल, वेलेंटिन बार्को, जियोवानी लो सेल्सो, एक्सेकिएल पलासियोस, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, एन्जो फर्नांडीज।
फॉरवर्ड: जूलियन अल्वारेज़, लियोनेल मेसी (कप्तान), निकोलस गोंजालेज, थियागो अल्माडा, गियानू सिमीओने, निकोलस पाज, जोस मैनुअल लोपेज, लाउतारो मार्टिनेज।