चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने शनिवार को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद संगरूर जिले की धुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने पहली सूची में कई मौजूदा विधायकों, मंत्रियों और प्रमुख नेताओं को जगह दी है। नई दिल्ली में पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक के बाद उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सूची जारी करते हुए बताया कि प्रत्याशियों के चयन में सर्वे, जनता की राय और नेताओं के कामकाज को प्रमुख आधार बनाया गया है।
केजरीवाल के आवास पर हुई चुनावी रणनीति पर चर्चा
उम्मीदवारों के चयन को लेकर शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और जैस्मीन शाह शामिल हुए। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जुड़े। इसके बाद शनिवार को PAC की एक और बैठक आयोजित की गई, जिसमें उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पार्टी चुनाव में अपने पांच साल के कामकाज को लेकर जनता के बीच जाएगी। बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में किए गए कार्यों को चुनाव प्रचार का प्रमुख हिस्सा बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी विकास कार्यों के आधार पर वोट मांगेगी।
धुरी से चुनाव लड़ेंगे भगवंत मान, इन सीटों पर भी उतारे उम्मीदवार
AAP की पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान के अलावा कई महत्वपूर्ण नेताओं के नाम शामिल हैं। बटाला से शैरी कलसी, अजनाला से कुलदीप धालीवाल और अमृतसर साउथ से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर को उम्मीदवार बनाया गया है। होशियारपुर, लुधियाना, मोहाली, मोगा और पटियाला जैसे महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी पार्टी ने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं।
AAP की पहली सूची में शामिल सभी 40 उम्मीदवार
पार्टी की ओर से घोषित प्रत्याशियों और उनके विधानसभा क्षेत्रों की पूरी सूची इस प्रकार है:
| क्रमांक | विधानसभा सीट | उम्मीदवार |
|---|---|---|
| 1 | धुरी | भगवंत मान |
| 2 | बटाला | शैरी कलसी |
| 3 | अजनाला | कुलदीप धालीवाल |
| 4 | तरनतारन | हरमीत सिंह संधू |
| 5 | अमृतसर साउथ | डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर |
| 6 | खेमकरण | सरवण सिंह धुन |
| 7 | नकोदर | इंदरजीत कौर मान |
| 8 | करतारपुर | बलकार सिंह |
| 9 | दसूहा | करमबीर सिंह घुमन |
| 10 | उड़मुड़ | जसवीर सिंह राजा गिल |
| 11 | होशियारपुर | ब्रह्मशंकर जिंपा |
| 12 | चब्बेवाल | इंशाक कुमार चब्बेवाल |
| 13 | गढ़शंकर | जयकिशन सिंह रोड़ी |
| 14 | बलाचौर | संतोष कटारिया |
| 15 | रूपनगर | दिनेश चड्ढा |
| 16 | मोहाली | कुलवंत सिंह |
| 17 | फतेहगढ़ साहिब | लखबीर सिंह राय |
| 18 | अमलोह | गुरिंदर सिंह गैरी |
| 19 | समराला | जगतार सिंह दयालपुरा |
| 20 | लुधियाना ईस्ट | दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला |
| 21 | आत्मनगर | कुलवंत सिंह संधू |
| 22 | लुधियाना सेंट्रल | अशोक पराशर पप्पी |
| 23 | लुधियाना वेस्ट | संजीव अरोड़ा |
| 24 | लुधियाना नॉर्थ | चौधरी मदन लाल बग्गा |
| 25 | पायल | मनविंदर सिंह ग्यासपुरा |
| 26 | निहाल सिंह वाला | मनजीत सिंह बिलासपुर |
| 27 | बाघापुराना | अमृतपाल सिंह सुखानंद |
| 28 | मोगा | अमनदीप कौर अरोड़ा |
| 29 | धर्मकोट | दविंदर जीत सिंह लाड़ी |
| 30 | जलालाबाद | जगदीप गोल्डी कंबोज |
| 31 | फाजिल्का | नरिंदरपाल सिंह सवाना |
| 32 | मुक्तसर | जगदीप सिंह काका बराड़ |
| 33 | कोटकपूरा | कुलतार सिंह संधवां |
| 34 | जैतो | अमोलक सिंह |
| 35 | तलवंडी साबो | बलजिंदर कौर |
| 36 | सरदूलगढ़ | गुरप्रीत सिंह बनावली |
| 37 | भदौड़ | लाभ सिंह उगोके |
| 38 | महल कलां | कुलवंत सिंह पंडोरी |
| 39 | अमरगढ़ | जसवंत सिंह गज्जनमाजरा |
| 40 | पटियाला | अजीतपाल सिंह कोहली |
सर्वे और जनता के फीडबैक से तय हुए उम्मीदवार
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया पर कहा कि पार्टी ने केवल राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखकर टिकट नहीं बांटे हैं। इसके लिए अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में सर्वे कराया गया और मौजूदा विधायकों के कामकाज पर जनता की प्रतिक्रिया भी ली गई। मान के मुताबिक, पार्टी का लक्ष्य ऐसे नेताओं को मैदान में उतारना है, जिन्हें अपने क्षेत्र में लोगों का समर्थन हासिल है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि सभी 117 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों के नाम एक साथ घोषित नहीं किए जाएंगे।
अकाली दल-BJP गठबंधन पर भगवंत मान का तंज
बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच संभावित गठबंधन को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दोनों दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जीरो में जीरो जोड़ने या गुणा करने से भी नतीजा जीरो ही आता है। मान ने तंज कसते हुए कहा कि अगर दोनों पार्टियां साथ आती हैं तो भी चुनावी नतीजे पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने नशामुक्त पंजाब के मुद्दे पर भी सवाल उठाया। मान ने पूछा कि यदि अकाली दल और भाजपा गठबंधन करते हैं तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया एक मंच पर आकर नशामुक्त पंजाब की बात कैसे करेंगे? यह बयान दोनों दलों के बीच संभावित राजनीतिक तालमेल को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच आया है।
हर विधानसभा क्षेत्र में बनाए जाएंगे छह सेक्टर इंचार्ज
उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही AAP ने जमीनी स्तर पर चुनावी संगठन को मजबूत करने की योजना भी तैयार की है। पार्टी की रणनीति के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में छह सेक्टर इंचार्ज नियुक्त किए जाएंगे। इनकी जिम्मेदारी सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और क्षेत्र में पार्टी के कामकाज को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया जुटाना होगी। सेक्टर इंचार्ज जनता से मिलने वाले सुझाव और शिकायतें पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाएंगे। इसके अलावा एक नवंबर से महिला मतदाताओं के बीच संपर्क अभियान को भी गति देने की तैयारी है। इसके लिए मावां-धीयां सत्कार योजना से जुड़ी महिला स्वयंसेविकाओं को सक्रिय किया जाएगा।
2027 के चुनाव से पहले AAP ने तेज की तैयारी
पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले 40 उम्मीदवारों की घोषणा को आम आदमी पार्टी की शुरुआती चुनावी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी का कहना है कि वह अपने कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएगी। पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत 40 नेताओं को जगह मिलने के बाद अब बाकी विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के चयन पर नजर रहेगी। पंजाब की 117 सीटों पर होने वाले आगामी चुनाव के लिए पार्टी आने वाले समय में अन्य नामों का भी ऐलान करेगी।