Home » पश्चिम बंगाल » पश्चिम बंगाल में शुरू हुआ ‘गौरी मेला’, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर CM शुभेंदु अधिकारी का जोर; 6 लाख SHG के लिए 250 करोड़ रुपये का ऐलान

पश्चिम बंगाल में शुरू हुआ ‘गौरी मेला’, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर CM शुभेंदु अधिकारी का जोर; 6 लाख SHG के लिए 250 करोड़ रुपये का ऐलान

पश्चिम बंगाल में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘गौरी मेला’ की शुरुआत हो गई है। पहले यह मेला ‘सबला मेला’ के नाम से जाना जाता था, लेकिन भाजपा सरकार ने इसका नाम बदलकर. . .

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘गौरी मेला’ की शुरुआत हो गई है। पहले यह मेला ‘सबला मेला’ के नाम से जाना जाता था, लेकिन भाजपा सरकार ने इसका नाम बदलकर ‘गौरी मेला’ कर दिया है। पश्चिम बंगाल सरकार के स्वयं सहायता समूह एवं स्व-रोजगार विभाग की ओर से आयोजित इस मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिलाओं की आर्थिक भागीदारी, रोजगार, महिला सुरक्षा और स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के लिए 250 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

‘सबला मेला’ का नाम बदलकर हुआ ‘गौरी मेला’

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि मेले का नाम बदलने का प्रस्ताव कैबिनेट की बैठक में रखा गया था। सभी की सहमति से इस बार मेले का नाम ‘गौरी मेला’ रखने का निर्णय लिया गया। महिला शक्ति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “ना जागिले ललनाय विश्व जागे ना।” उन्होंने मां दुर्गा की शक्ति का उदाहरण देते हुए कहा कि महिला सुरक्षा के प्रति जीरो टॉलरेंस और महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है।

260 स्टॉल में दिखेगा बंगाल के हुनर का जलवा

इस बार गौरी मेले में कुल 260 स्टॉल लगाए गए हैं। यहां बंगाल के हस्तशिल्प, हथकरघा, कपड़े, खान-पान और पारंपरिक कारीगरी से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि पहली बार भारत सरकार की विभिन्न संस्थाएं भी इस मेले में हिस्सा ले रही हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, पूरे राज्य में गौरी मेले के आयोजन के लिए 10 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। कोलकाता, न्यूटाउन और कूचबिहार में बड़े स्तर पर मेले का आयोजन होगा, जबकि प्रत्येक जिले में छोटे स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आने वाले साल में इस मेले को ब्लॉक स्तर तक पहुंचाने की योजना है। न्यूटाउन में गौरी मेला 23 नवंबर से 2 दिसंबर तक चलेगा।

6 लाख स्वयं सहायता समूहों के लिए 250 करोड़ रुपये

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों (SHG) के लिए बड़ी आर्थिक सहायता की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पिछले छह वर्षों से ब्याज सब्सिडी के मद में केंद्र सरकार से राशि नहीं मिली थी। मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने 6 लाख समूहों के लिए 250 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है।” उन्होंने बताया कि अब तक ढाई लाख समूहों के बैंक खातों में लगभग 150 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा चुके हैं। बाकी राशि 31 दिसंबर तक खातों में पहुंचाने का आश्वासन भी दिया। इसके अलावा छोटे कारोबार और स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए 300 माइक्रो प्रोजेक्ट शुरू करने की बात कही।

‘मां कैंटीन’ का नाम बदला, अब होगी ‘मां आहार’

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में चल रही ‘मां कैंटीन’ योजना का नाम बदलकर ‘मां आहार’ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सप्ताह में दो दिन भोजन में मछली उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त 134 करोड़ रुपये दिए गए हैं। फिलहाल राज्य में 500 मां आहार केंद्र संचालित हो रहे हैं और आने वाले समय में 500 नए केंद्र शुरू करने की योजना है। इसके साथ ही वैष्णव समाज की मांग को ध्यान में रखते हुए बारासात, नवद्वीप और मायापुर जैसे धार्मिक स्थलों पर सात्विक शाकाहारी भोजन की अतिरिक्त व्यवस्था करने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।

बाल विवाह पर मुख्यमंत्री की सख्त चेतावनी

गौरी मेले के मंच से मुख्यमंत्री ने बाल विवाह के खिलाफ भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा, “अपनी बेटियों की शादी 18 साल से पहले न करें।” स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2026 से 30 जून 2026 के बीच संस्थागत प्रसव की सूची में 18 वर्ष से कम उम्र की लगभग 60 हजार महिलाओं के नाम सामने आए हैं। मुख्यमंत्री ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए लड़कियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही।

उच्च शिक्षा के लिए बेटियों को मिलेंगे 50 हजार रुपये

कार्यक्रम में लड़कियों की उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए ‘सिस्टर भगिनी निवेदिता स्कीम’ का भी जिक्र किया गया। मुख्यमंत्री के अनुसार, उच्च माध्यमिक परीक्षा पास करने के बाद कॉलेज में दाखिला लेने वाली छात्राओं को तीन वर्षों में कुल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के कारण लड़कियों की पढ़ाई बीच में न छूटे, यह सुनिश्चित करना है।

दिलीप घोष बोले- बंगाल की महिलाओं के हुनर को दुनिया तक पहुंचाना है

कार्यक्रम में पंचायत, ग्रामीण विकास एवं कृषि विपणन मंत्री दिलीप घोष भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा, “हमारे यहां पूजा का सीजन खत्म होते-होते मेले का सीजन शुरू हो जाता है।” महिलाओं की आत्मनिर्भरता पर उन्होंने कहा कि बंगाल की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना, परिवार को सशक्त करना और समाज को आगे बढ़ाना ही गौरी मेले का मुख्य उद्देश्य है। दिलीप घोष के मुताबिक, राज्य में फिलहाल लगभग 11 लाख स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं। पंचायत विभाग की ओर से इन समूहों को करीब 40 हजार करोड़ रुपये का ऋण दिए जाने की बात भी उन्होंने कही। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि बंगाल की माताओं के हाथों से बने उत्पाद पूरी दुनिया तक पहुंचें।”

2 दिन बाद कूचबिहार के रास मेले में जाएंगे मुख्यमंत्री

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह भी बताया कि वह आगामी परसों कूचबिहार के प्रसिद्ध रास मेले में शामिल होने जाएंगे।कुल मिलाकर गौरी मेले के मंच से महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक मदद, बाल विवाह रोकने और लड़कियों की उच्च शिक्षा को लेकर सरकार की योजनाओं को सामने रखा गया।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम