Home » उत्तर प्रदेश » चित्रकूट में भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर पलटी श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, मासूम समेत 4 की मौत, 12 घायल

चित्रकूट में भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर पलटी श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, मासूम समेत 4 की मौत, 12 घायल

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क. . .

चित्रकूट: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में एक मासूम बच्चे की भी जान चली गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

तड़के ढाई बजे हुआ हादसा, टूट गया ट्रैक्टर-ट्रॉली का गुल्ला

जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार तड़के करीब 2:30 बजे रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर कस्बे में पावर हाउस के पास हुआ। श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला गुल्ला अचानक टूट गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था। गुल्ला टूटने के बाद ट्रैक्टर आगे निकल गया, जबकि ट्रॉली चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। देखते ही देखते ट्रॉली हाईवे से नीचे उतरकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। उसमें सवार लोग ट्रॉली के नीचे दब गए।

हादसे में मासूम समेत चार श्रद्धालुओं की मौत

इस भीषण दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई। मृतकों में तीन मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले थे, जबकि एक श्रद्धालु प्रयागराज जिले का निवासी था। मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है।

हादसे में कुल 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

सात घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर

हादसे में घायल सभी लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), रामनगर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सात घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, अन्य घायलों का भी उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

दीपदान के बाद प्रयागराज लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, प्रयागराज जिले के खीरी थाना क्षेत्र स्थित ऊंचा गांव से करीब दो दर्जन श्रद्धालु शनिवार को चित्रकूट दर्शन के लिए आए थे। उनके साथ मध्य प्रदेश के रीवा जिले में रहने वाले कुछ रिश्तेदार भी शामिल थे। रविवार देर रात श्रद्धालुओं ने चित्रकूट में दर्शन और दीपदान किया। इसके बाद सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली से प्रयागराज लौट रहे थे। इसी दौरान रामनगर के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।

गुल्ला टूटने से हुआ हादसा, जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोड़ने वाला गुल्ला टूटने के बाद ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे के वास्तविक कारणों और वाहन की तकनीकी स्थिति की जांच की जा रही है। दीपदान कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। चित्रकूट से प्रयागराज तक इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद शोक का माहौल है।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम