Home » पश्चिम बंगाल » सुबह-सुबह कांपी सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी; दहशत में घरों से बाहर निकले लोग, नेपाल में 5.3 तीव्रता का भूकंप,

सुबह-सुबह कांपी सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी; दहशत में घरों से बाहर निकले लोग, नेपाल में 5.3 तीव्रता का भूकंप,

मंगलवार की सुबह उत्तर बंगाल समेत पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेपाल के कोशी प्रदेश में आए 5.3 तीव्रता के भूकंप से सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कूचबिहार समेत कई इलाके कांप उठे।. . .

सिलीगुड़ी/जलपाईगुड़ी: मंगलवार की सुबह उत्तर बंगाल समेत पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेपाल के कोशी प्रदेश में आए 5.3 तीव्रता के भूकंप से सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कूचबिहार समेत कई इलाके कांप उठे। सुबह-सुबह धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकल आए।

सुबह 7:02 बजे आया भूकंप, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.3

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, मंगलवार सुबह 7 बजकर 2 मिनट पर नेपाल में भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.3 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र नेपाल के ताप्लेजुंग जिले के ओलांगचुंग गोला इलाके में था। इसकी गहराई जमीन से करीब 20 किलोमीटर नीचे बताई गई है। यह स्थान नेपाल की राजधानी काठमांडू से लगभग 275 किलोमीटर पूर्व में स्थित है।

उत्तर बंगाल से सिक्किम और असम तक महसूस हुए झटके

नेपाल में आए इस भूकंप का असर केवल पड़ोसी देश तक सीमित नहीं रहा। भारत के उत्तर बंगाल के अलावा सिक्किम और असम के कई इलाकों में भी धरती हिलने की खबर है। वहीं भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ क्षेत्रों में भी भूकंप के झटके महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई है। सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी में सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने भी भूकंप के झटके महसूस किए। अचानक धरती हिलने से लोग घबरा गए और सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे।

फिलहाल जान-माल के नुकसान की खबर नहीं

भूकंप के झटकों से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया। हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक अब तक किसी के हताहत होने या बड़े पैमाने पर संपत्ति के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।

बिहार के समस्तीपुर में 2 सेकेंड तक डोली धरती

इधर, बिहार के समस्तीपुर में भी सुबह करीब 7:04 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए ৷ यहां धरती करीब 2 सेकेंड तक कांपी ৷ कई सालों बाद समस्तीपुर में भूकंप के झटके महसूस होने के कारण अहले सुबह काफी लोगों को ये समझने में देरी लगी कि आखिर क्या हुआ है ৷ ठंड का मौसम होने के कारण ज्यादातर लोग उस समय अपने घरों के अंदर ही मौजूद थे, तभी 7:04 बजे हल्का कंपन महसूस हुआ ৷

दो सप्ताह पहले भी कांपा था उत्तर बंगाल

गौरतलब है कि करीब दो सप्ताह पहले, 12 नवंबर को भी उत्तर बंगाल में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस समय भी भूकंप का केंद्र नेपाल में था और इसकी तीव्रता 4.9 दर्ज की गई थी। एक बार फिर नेपाल में आए भूकंप ने उत्तर बंगाल के लोगों को दहशत में डाल दिया है।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम