Home » खेल » टीम इंडिया से बाहर मुकेश कुमार ने इंग्लैंड में आजमाया नया रास्ता, काउंटी क्रिकेट में दिखाएंगे दम

टीम इंडिया से बाहर मुकेश कुमार ने इंग्लैंड में आजमाया नया रास्ता, काउंटी क्रिकेट में दिखाएंगे दम

भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार लंबे समय से टीम इंडिया में वापसी का इंतजार कर रहे हैं। लगातार चयन से दूर रहने के बीच 32 वर्षीय गेंदबाज ने इंग्लैंड का रुख करने का फैसला किया है. . .

नई दिल्ली। भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार लंबे समय से टीम इंडिया में वापसी का इंतजार कर रहे हैं। लगातार चयन से दूर रहने के बीच 32 वर्षीय गेंदबाज ने इंग्लैंड का रुख करने का फैसला किया है। मुकेश अब काउंटी चैंपियनशिप में नॉटिंघमशर के लिए खेलते नजर आएंगे।

नॉटिंघमशर से जुड़कर उत्साहित हैं मुकेश

मुकेश कुमार इंग्लैंड की परिस्थितियों में खुद को परखने को लेकर काफी उत्साहित हैं। तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल मानी जाने वाली इंग्लिश परिस्थितियां उन्हें अपनी गेंदबाजी में सुधार करने का अहम मौका दे सकती हैं। मुकेश ने कहा कि सीजन के महत्वपूर्ण दौर में नॉटिंघमशर के साथ जुड़कर वह बेहद खुश हैं और इंग्लैंड पहुंचकर काउंटी क्रिकेट में खुद को टेस्ट करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह टीम के लिए ज्यादा से ज्यादा योगदान देना चाहते हैं और नॉटिंघमशर को सफलता दिलाने में अपनी भूमिका निभाने की कोशिश करेंगे। साथ ही, नए कोच और टीम के साथियों के साथ खेलने को लेकर भी वह उत्साहित हैं।

कई भारतीय खिलाड़ी पहले से खेल रहे काउंटी

मुकेश कुमार से पहले भी कई भारतीय खिलाड़ी काउंटी चैंपियनशिप का हिस्सा बन चुके हैं। इनमें युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव और मानव सुथार जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। टी20 सीरीज के लिए इन खिलाड़ियों का चयन नहीं हुआ है। ऐसे में ये खिलाड़ी इंग्लैंड में लाल गेंद के क्रिकेट में खुद को बेहतर बनाने और अपनी लय हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

जुलाई 2024 के बाद टीम इंडिया से बाहर

मुकेश कुमार ने भारत के लिए अपना आखिरी मुकाबला जुलाई 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 मैच के रूप में खेला था। इसके बाद से वह भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने अब तक भारत के लिए 3 टेस्ट, 6 वनडे और 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 7 विकेट हैं, जबकि वनडे में 5 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 20 विकेट दर्ज हैं।

काउंटी क्रिकेट से टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद

मुकेश कुमार के लिए इंग्लैंड का यह दौरा सिर्फ काउंटी क्रिकेट खेलने तक सीमित नहीं है। वह यहां अपनी गेंदबाजी को धार देने के साथ-साथ चयनकर्ताओं का ध्यान भी आकर्षित करना चाहेंगे। इंग्लैंड की परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन मुकेश के लिए टीम इंडिया में वापसी का रास्ता खोल सकता है। ऐसे में नॉटिंघमशर के लिए उनका प्रदर्शन उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम