आसनसोल। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए बंपर वोटिंग हो रही है और इस बीच, आसनसोल साउथ की हाई-प्रोफाइल सीट से BJP प्रत्याशी अग्निमित्रा पॉल की कार पर हमला हुआ है। जब वह अपनी टीम के साथ रहमत नगर इलाके में से निकल रही थीं तब उनकी कार पर पत्थरबाजी हुई। अग्निमित्रा पॉल ने खुद बताया कि इस हमले को कैसे अंजाम दिया गया।
कार का पीछे का शीशा हुआ चकनाचूर
BJP उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने कहा, ‘मेरी कार पर हमला हुआ और उसमें तोड़फोड़ की गई। मैं अल्पसंख्यकों के क्षेत्र रहमत नगर में गई थी, तभी मेरी कार पर एक बड़ा पत्थर फेंका गया। इससे कार का पूरा पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार में लगा पीछे का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। भगवान की कृपा से न तो मेरे सुरक्षाकर्मियों को और न ही मुझे कोई चोट आई। हालांकि, मेरी सेक्रेटरी, जो पीछे बैठी थीं, को मामूली चोट आई है।’
बिना नाम लिए TMC पर साधा निशाना
उन्होंने आगे कहा कि इसको बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, क्योंकि इस प्रकार की घटनाएं बार-बार होती रहती हैं। आसानी से आप समझ सकते हैं कि इसके पीछे कौन है। अल्पसंख्यकों के साथ किसके अच्छे संबंध हैं। ऐसा करके अग्निमित्रा पॉल ने बिना नाम लिए टीएमसी पर निशाना साधा।
बंगाल के 8 हजार से ज्यादा पोलिंग बूथ अतिसंवेदनशील
इस चरण में 3.60 करोड़ से ज्यादा मतदाता हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें लगभग 1.75 करोड़ महिलाएं भी शामिल हैं। चुनाव के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवान भी रिकॉर्ड संख्या में तैनात किए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर 2 हजार 450 टुकड़ियां यानी लगभग 2.5 लाख जवान तैनात किए गए हैं। पश्चिम बंगाल में 8 हजार से ज्यादा पोलिंग बूथ को को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है।