इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में तेज रफ्तार कार एक ट्रक में घुस गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पूर्व मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा और कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल का बेटा प्रखर शामिल है। कार सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल है। उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा रालामंडल इलाके में शुक्रवार सुबह 5:15 बजे हुआ। नेक्सन कार (एमपी13 जेडएस 8994) में प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल, मनसिन्धु और अनुष्का राठी सवार थे। प्रखर का जन्मदिन था, चारों उसी की बर्थडे पार्टी मनाकर महू से इंदौर लौट रहे थे। कार प्रखर चला रहा था। हादसे में प्रेरणा, प्रखर, मनसिन्धु की मौके पर ही मौत हो गई। अनुष्का घायल है। कार में शराब की बोतल मिली है।
सभी इंदौर के रहने वाले
सभी इंदौर के रहने वाले हैं। प्रेरणा नर्मदा भवन के पास स्कीम नं 74, प्रखर कासलीवाल तिलक नगर, मनसिन्धु भंवरकुआं और अनुष्का रॉयल अमर ग्रीन की रहने वाली है। प्रेरणा ग्रेजुएशन के बाद यूपीएससी की तैयारी कर रही थी।
कांग्रेस नेता बोले- बच्चे घूमने गए थे
कांग्रेस नेता धर्मेंद्र गेंदर ने बताया कि बच्चे घूमने के लिए कहीं निकल थे। तेजाजी नगर के पहले हादसे का शिकार हो गए। शव एमवाय अस्पताल में रखे गए हैं। पूर्व मंत्री बाला बच्चन भी अस्पताल पहुंच गए हैं।