नई दिल्ली। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की गैंग से एक और लेडी डॉन को गिरफ्तार किया गया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग की मैडम जहर अब पुलिस की गिरफ्त में है। ड्रग्स सिंडिकेट के आरोपों के चलते लेडी डॉन खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा पर कार्रवाई हुई है। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग में गनमैन कहे जाने वाले बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड बताई जा रही है। बॉबी कबूतर लॉरेंस बिश्नोई गैंग को हथियारों की खेप मुहैया करवाता है।
बॉबी कबूतर एशिया के एक बड़े आर्म्स सप्लायर और भारत का अवैध हथियारों का सबसे बड़ा सौदागर कहा जाने वाला सलीम पिस्टल से हथियार लेता था। सलीम पिस्टल को नेपाल भारत बॉडर से गिरफ्तार किया जा चुका है, जो पाकिस्तान आईएसआई के लिए काम करता था।
लॉरेंस गैंग के 4 गुर्गे गिरफ्तार
सलीम पिस्टल सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से लेकर फिल्म एक्टर्स दिशा पाटनी के घर हुई फायरिंग या दिल्ली के चर्चित नादिर शाह हत्याकांड से लेकर सीलमपुर डबल मर्डर जैसे संगीन वारदातों में बॉबी कबूतर एलबी और हाशमी बाबा गैंग को अवैध हथियार सप्लाई की एक मुख्य कड़ी रहा है। अब बॉबी कबूतर उर्फ महफूज, उसकी गर्लफ्रैंड और दो गुर्गे स्पेशल सेल काउंटर इंटेलीजेंस के कब्जे में हैं।
तीन लेडी डॉन गिरफ्तार
पहले चंडीगढ़ लेडी डॉन दीपा फिर लेडी डॉन जोया खान और अब लेडी डॉन नेहा गिरफ्तार हो चुकी है। जय बलकारी के गैंग में अब लेडी डॉन भी सुपर एक्टिव हैं। बॉबी कबूतर की ये गर्लफ्रेंड और लेडी डॉन नार्थ ईस्ट दिल्ली में एक ब्यूटी पार्लर चलाती है और उसकी आड़ में बॉबी कबूतर और गैंग के बदनाम कामों का हिस्सा भी थी। ड्रग्स के साथ बॉबी कबूतर की इस गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा बॉबी के दो गुर्गे भी पकड़े गए हैं। मोहम्मद राजी खान और शाहबाज। ये चारों गिरफ्तारी महिपाल पुर फ्लाई ओवर के पास हुई है। बॉबी की गर्लफ्रेंड से हाशिम बाबा लॉरेंस गैंग में ड्रग्स कनेक्शन पर पूछताछ जारी है।
पहले भी गिरफ्तार हुई हैं कई लेडी डॉन
बॉबी और लेडी डॉन 7 साल से जुड़े हैं। इसके पहले हाशिम बाबा की बेगम लेडी डॉन जोया भी गैंग के ऑपरेशन संभालती थी, जिसे हाल में गिरफ्तार किया गया है, जो फिलहाल जेल में बन्द है। इसके पहले चंडीगढ़ कोर्ट में लॉरेंस के दुश्मन भुप्पी राणा की पेशी के दौरान हत्या की साजिश रचने में भी एलबी गैंग की एक लेडी डॉन को गिरफ्तार किया गया था, जो वकील की ड्रेस में राणा की हत्या करना चाहती थी
कौन है बॉबी कबूतर?
मई 2022 में दिनदहाड़े सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सिद्धू मूसेवाला के मर्डर से पहले रेकी करने में बॉबी कबूतर शामिल था। गिरफ्तार आरोपी कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग से जुड़ा हुआ है। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया है कि बॉबी कबूतर ने पंजाबी सिंगर सिद्धू मुसेवाला की हत्या से पहले रेकी की थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उसने मूसेवाला की मूवमेंट और रूट की जानकारी इकट्ठा की थी। यही जानकारी बाद में हमलावरों तक पहुंचाई गई। बॉबी एक गैंगस्टर शाहरुख से भी टच में था, जिसने मुसेवाला की रेकी की थी।
गैंग के राज उगलवा रही स्पेशल सेल
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट लंबे समय से बॉबी की तलाश में थी। बताया जा रहा है कि आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था और फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर रहा था। टेक्निकल सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर स्पेशल सेल ने उसे दबोच लिया था। स्पेशल सेल बॉबी की गर्लफ्रेंड से गैंग के राज उगलवा रही है।