अहमदाबाद। आईपीएल 2026 में सोमवार रात को मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 99 रनों से रौंद दिया। इस मैच के असली हीरो तिलक वर्मा रहे, जिन्होंने अपनी शतकीय पारी से महफिल लूट ली। उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी को देखकर डगआउट में बैठे भारतीय कप्तान और मुंबई इंडियंस के दिग्गज बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव भी खुद को रोक नहीं पाए और सोशल मीडिया पर एक बड़ा बयान दे दिया।
तिलक के लिए सूर्या के 5 शब्द
अहमदाबाद के मैदान पर जब तिलक वर्मा गुजरात के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा रहे थे, तब सूर्यकुमार यादव स्टैंड्स में बैठकर उनके एक-एक शॉट का आनंद ले रहे थे। तिलक के ऐतिहासिक शतक के बाद सूर्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। सूर्या ने तिलक वर्मा की तस्वीर के साथ सिर्फ 5 शब्द लिखे, ‘This guy is built different’ (यह लड़का कुछ अलग ही मिट्टी का बना है)। सूर्या का यह छोटा सा रिएक्शन बताता है कि सीनियर खिलाड़ियों की नजर में तिलक वर्मा का कद कितनी तेजी से बढ़ रहा है।
चोट को मात देकर जड़ा शतक
तिलक वर्मा की यह पारी सिर्फ रनों की वजह से नहीं, बल्कि उनके जज्बे की वजह से भी खास थी। मैच के दौरान वे 150 kph से ज्यादा की रफ्तार वाली गेंद पर चोटिल हो गए थे और दर्द से कराह रहे थे। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और 45 गेंदों में 101 रनों की नाबाद पारी खेल डाली। इस दौरान उन्होंने सनथ जयसूर्या के सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड की बराबरी की और 224.44 के स्ट्राइक रेट से 8 चौके और 7 छक्के जड़े। सूर्या के बिल्ट डिफरेंट कहने का एक बड़ा कारण तिलक का यह जुझारू रवैया भी रहा।
सूर्यकुमार यादव का खराब फॉर्म मुंबई के लिए बनी चिंता
एक तरफ जहां तिलक वर्मा अपने बल्ले से आग उगल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज और भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का खराब फॉर्म मुंबई इंडियंस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। गुजरात के खिलाफ इस अहम मुकाबले में भी सूर्या का बल्ला खामोश रहा और वे दहाई का आंकड़ा पार करने के लिए भी संघर्ष करते नजर आए। उन्होंने इस मुकबले में 15 रनों की पारी खेली। पिछले कुछ मैचों से उनकी टाइमिंग और शॉट चयन में वह पुरानी धार नहीं दिख रही है जिसके लिए वे जाने जाते हैं। आईपीएल 2026 के इस पड़ाव पर सूर्या की फॉर्म टीम की प्लेऑफ की उम्मीदों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, ऐसे में फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि वे जल्द ही अपनी पुरानी लय में लौटेंगे।