ब्लॉग की व्याख्या पर नाराज हुए बिग बी, रिटायरमेंट की खबरों पर भी दी सफाई
डेस्क। मेगास्टार अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता और बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह अक्सर अपने ब्लॉग के जरिए काम, जिंदगी और अपने अनुभवों से जुड़ी बातें प्रशंसकों के साथ साझा करते हैं। हालांकि, उनके हालिया ब्लॉग को लेकर जिस तरह की खबरें सामने आईं, उससे बिग बी खासे नाराज नजर आए। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए उन लोगों पर तंज कसा, जो उनके लिखे शब्दों का अलग अर्थ निकालकर खबरें बनाते हैं। अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में ‘सबसे पहले खबर देने’ की होड़ और उसके लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किए जाने पर सवाल उठाया। उन्होंने इशारों में कहा कि ध्यान और पैसे की इस दौड़ में कई बार खबर की सच्चाई पीछे छूट जाती है।
‘सबसे पहले आने की बेचैनी में बात का गलत मतलब निकाला जाता है’
अमिताभ बच्चन ने लिखा कि लोगों के बीच सबसे पहले पहुंचने की बेचैनी इस कदर बढ़ गई है कि कई बार बात का गलत मतलब निकालने से भी परहेज नहीं किया जाता। उन्होंने भाषा की समझ पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि कई बार खबर लिखने वाले ही भाषा को ठीक से नहीं समझ पाते और अपनी समझ के मुताबिक उसका अर्थ निकाल देते हैं। बिग बी के मुताबिक, ध्यान आकर्षित करने और पैसा कमाने की होड़ में ऐसी बातें भी खबर का हिस्सा बना दी जाती हैं, जो वास्तव में कही ही नहीं गई थीं।
‘सच दिखाने के लिए फालतू और गलत बातें जोड़ देना…’
अमिताभ ने अपने ब्लॉग में आगे लिखा कि किसी बात को सच जैसा दिखाने के लिए उसमें गैरजरूरी और गलत बातें जोड़ देना उस पल की कीमत पर किया गया कारोबार है, जो कभी हुआ ही नहीं था। उनका यह बयान सीधे तौर पर उन खबरों पर कटाक्ष माना जा रहा है, जिनमें उनके ब्लॉग की कुछ पंक्तियों के आधार पर उनके रिटायरमेंट को लेकर अटकलें लगाई गई थीं।
‘खरीदा हुआ कंटेंट है, तो लागत तो वसूल करनी ही है’
अमिताभ बच्चन ने अपने अंदाज में मीडिया की इस प्रवृत्ति पर तीखा तंज किया। उन्होंने लिखा कि जब कंटेंट खरीदा हुआ है तो उसकी लागत वसूल करना भी जरूरी है। इसके बाद उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि यह बिजनेस है और सच्चाई भाड़ में जाए। बिग बी ने यह भी लिखा कि अब वह इंतजार कर रहे हैं कि उनके ब्लॉग की बात को तोड़-मरोड़कर किस तरह पेश किया जाएगा। इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब वह आराम करने जा रहे हैं।
‘जो बोला था छप गया, जो नहीं बोला था वो भी छप गया!’
अमिताभ बच्चन ने पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी इसी मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि जो उन्होंने कहा था, वह तो छपा ही, लेकिन जो उन्होंने कहा ही नहीं था, वह भी खबर बन गया। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने उन लोगों पर निशाना साधा जो उनकी बातों को समझे बिना अपनी मनगढ़ंत व्याख्या करके उसे प्रकाशित कर देते हैं।
क्या अमिताभ बच्चन ले रहे हैं रिटायरमेंट?
दरअसल, अमिताभ बच्चन के एक पुराने ब्लॉग पोस्ट के बाद उनके रिटायरमेंट की चर्चाएं तेज हो गई थीं। उन्होंने अपने ब्लॉग में ‘It’s late, time to retire’ लिखा था। इस लाइन को कई रिपोर्ट्स में उनके काम से रिटायरमेंट लेने के संकेत के तौर पर देखा गया। लेकिन अमिताभ ने बाद में खुद स्पष्ट किया कि उनका मतलब काम से रिटायर होने से नहीं था। वह दरअसल देर रात होने की वजह से सोने जाने की बात कर रहे थे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में सफाई देते हुए कहा था कि वह काम से रिटायर नहीं हो रहे हैं। यानी उनके शब्दों का संदर्भ उनके काम से नहीं, बल्कि रात में सोने जाने से था।
KBC 18 को लेकर भी भावुक हुए अमिताभ बच्चन
अमिताभ बच्चन इन दिनों ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के नए सीजन को लेकर भी चर्चा में हैं। शो की मेजबानी के दौरान उन्हें कई ऐसे कंटेस्टेंट्स से मिलने का मौका मिलता है, जो अपनी जिंदगी की बेहद निजी और दर्दनाक कहानियां दर्शकों के सामने साझा करते हैं। बिग बी ने अपने ब्लॉग में बताया कि कुछ कंटेस्टेंट्स की कहानियां इतनी गंभीर और भावुक होती हैं कि एक होस्ट के तौर पर उन भावनाओं को संभालना और इसके बाद शो को सामान्य तरीके से आगे बढ़ाना आसान नहीं होता। उन्होंने माना कि ऐसे पलों का उन पर भी गहरा असर पड़ता है। कंटेस्टेंट्स की निजी जिंदगी में आए संघर्ष और दर्द को सुनना उनके लिए भावुक और दिल दुखाने वाला अनुभव होता है।
गणपति उत्सव के बीच अमिताभ ने दी शुभकामनाएं
अपने ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने गणेश चतुर्थी के मौके पर भी लोगों को शुभकामनाएं दीं। वह इस दौरान उन लोगों के घर पहुंचे जहां गणपति का स्वागत किया गया था और आशीर्वाद लिया। उन्होंने कामना की कि गणपति का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और लोगों के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशियां आएं।
अमिताभ का संदेश साफ: काम जारी है
अमिताभ बच्चन के हालिया ब्लॉग और सोशल मीडिया पोस्ट से एक बात साफ नजर आती है कि वह फिलहाल काम से दूरी बनाने या रिटायरमेंट लेने की बात नहीं कर रहे हैं। उनके ब्लॉग की एक पंक्ति को लेकर उठी अटकलों पर वह पहले ही सफाई दे चुके हैं। वहीं, अपने ताजा ब्लॉग में उन्होंने खबरों की जल्दबाजी और उनके शब्दों की मनमानी व्याख्या पर व्यंग्य किया है। अपने खास अंदाज में अमिताभ ने यह संदेश भी दे दिया कि उनके शब्दों को संदर्भ से हटाकर पेश किए जाने पर वह चुप रहने वाले नहीं हैं।