Home » उत्तर प्रदेश » दो पासपोर्ट मामले में अब्दुल्ला आजम को बड़ी राहत, 7 साल की सजा रद्द; अभी जेल में बंद हैं सपा नेता

दो पासपोर्ट मामले में अब्दुल्ला आजम को बड़ी राहत, 7 साल की सजा रद्द; अभी जेल में बंद हैं सपा नेता

रामपुर। रामपुर के चर्चित दो पासपोर्ट मामले में सपा नेता आजम खान के बेटे और पूर्व विधायक अब्दुल्ला आज़म को बड़ी कानूनी राहत मिली है। अपीलीय अदालत ने निचली अदालत द्वारा सुनाई गई सात साल की सजा को रद्द कर. . .

रामपुर। रामपुर के चर्चित दो पासपोर्ट मामले में सपा नेता आजम खान के बेटे और पूर्व विधायक अब्दुल्ला आज़म को बड़ी कानूनी राहत मिली है। अपीलीय अदालत ने निचली अदालत द्वारा सुनाई गई सात साल की सजा को रद्द कर दिया है। शुक्रवार को आए इस फैसले के बाद सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

साल 2019 में दर्ज हुआ था मामला

यह मामला वर्ष 2019 में दर्ज हुआ था। भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने सिविल लाइंस कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि अब्दुल्ला आजम ने अलग-अलग जन्मतिथियों के आधार पर दो पासपोर्ट बनवाए। शिकायत के अनुसार, एक पासपोर्ट में जन्मतिथि 1 जनवरी 1993 दर्ज थी, जबकि दूसरे में 30 सितंबर 1990 दर्ज थी। आरोप था कि दोनों पासपोर्ट का उपयोग विदेश यात्राओं में भी किया गया।

पुलिस जांच के बाद आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया गया और मुकदमे की सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में हुई। निचली अदालत ने अब्दुल्ला आजम को दोषी मानते हुए सात साल की सजा सुनाई थी, जिसके खिलाफ उन्होंने अपील दाखिल की थी। अब अपीलीय अदालत ने उस फैसले को रद्द कर दिया है।

दो पैन कार्ड मामले में अभी नहीं मिली है राहत

हालांकि, दो पैन कार्ड मामले में आजम खान और अब्दुल्ला आजम को अभी राहत नहीं मिली है। इस मामले में पहले ही दोनों की अपील खारिज हो चुकी है। इसके बाद राज्य सरकार ने सजा बढ़ाने को लेकर अपील दायर की थी। सुनवाई के बाद अदालत ने 23 मई को फैसला सुनाते हुए आजम खां की सजा बढ़ाकर 10 साल कर दी थी।
कानूनी जानकारों का मानना है कि पासपोर्ट मामले में राहत मिलने के बावजूद पैन कार्ड मामले की कानूनी चुनौती अभी बनी हुई है। वहीं, रामपुर की राजनीति में इस फैसले को बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है और आने वाले दिनों में इसके राजनीतिक असर पर भी नजरें टिकी रहेंगी।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम