उत्तर 24 परगना। उत्तर 24 परगना जिले के बादुड़िया में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में उस समय हड़कंप मच गया, जब बादुड़िया नगरपालिका के चेयरमैन दीपंकर भट्टाचार्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि वह स्थानीय तृणमूल विधायक बुरहानुल मुकद्दिम के करीबी माने जाते हैं।
गुप्त ठिकाने से गिरफ्तार किया गया
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूरे एक दिन तक फरार रहने के बाद दीपंकर भट्टाचार्य को एक गुप्त ठिकाने से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने उनके कथित पार्टी कार्यालय और एक बागानबाड़ी में छापेमारी कर लगभग 4 हजार सरकारी तिरपाल बरामद किए थे। इस मामले में बादुड़िया थाने में उनके खिलाफ दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज की गई थीं।
पुलिस ने भट्टाचार्य के एक कंप्यूटर सेंटर पर छापा मारा
इसके बाद देर रात पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए दीपंकर भट्टाचार्य के एक कंप्यूटर सेंटर पर छापा मारा। वहां से करीब 80 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में सरकारी तिरपाल बरामद किए गए। पुलिस ने नकदी और सरकारी सामान को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि बरामद सरकारी तिरपाल किस उद्देश्य से जमा किए गए थे और इतनी बड़ी रकम कहां से आई, इसकी जांच की जा रही है। मामले में वित्तीय अनियमितता और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग के आरोपों की भी जांच हो सकती है।
तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला
घटना के बाद इलाके की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष ने इस मामले को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।