Home » पश्चिम बंगाल » पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले हिंसा : भांगड़ में टीएमसी विधायक की गाड़ी पर हुई बमबाजी, गरमाई राजनीति, टीएमसी का विरोध मार्च आज

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले हिंसा : भांगड़ में टीएमसी विधायक की गाड़ी पर हुई बमबाजी, गरमाई राजनीति, टीएमसी का विरोध मार्च आज

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 से पहले दक्षिण 24 परगना के भांगड़ विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के पहले राजनीतिक हिंसा शुरू हो गयी है। भांगड़ विधानसभा क्षेत्र में बमबाजी और तृणमूल कांग्रेस के विधायक के काफिले पर हमले. . .

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 से पहले दक्षिण 24 परगना के भांगड़ विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के पहले राजनीतिक हिंसा शुरू हो गयी है। भांगड़ विधानसभा क्षेत्र में बमबाजी और तृणमूल कांग्रेस के विधायक के काफिले पर हमले से सियासी पारा चढ़ गया है। तृणमूल कांग्रेस के विधायक शौकत मोल्ला ने सोमवार को विरोथ मार्च का ऐलान कर दिया है।

थाने के पास विधायक के काफिले पर बम से हमला

पोलेरहाट थाना से महज 500 से 700 मीटर की दूरी पर कैनिंग पूर्व के तृणमूल कांग्रेस विधायक शौकत मोल्ला के काफिले को निशाना बनाकर बम फेंके गये, फायरिंग की गयी। पथराव भी हुआ. हमले के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।

शाम से ही था तनाव, बिजली काटकर हमला

शनिवार शाम दक्षिण गाजीपुर इलाके में तृणमूल के नेता खैरुल इस्लाम पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। तृणमूल का आरोप है कि बैठक के दौरान इलाके की बिजली काट दी गयी। अंधेरे का फायदा उठाकर खैरुल इस्लाम और अन्य नेताओं पर हमला किया गया। हमले में खैरुल इस्लाम घायल हो गये. हमले में सुराबुद्दीन मोल्ला, सिराजुल इस्लाम और मतिउर रहमान भी जख्मी हो गये. एक व्यक्ति की हालत गंभीर है।

थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद लौट रहे थे विधायक

घायलों को अस्पताल में देखने के बाद स्थानीय विधायक शौकत मोल्ला शिकायत करने के लिए समर्थकों के साथ पोलेरहाट थाना पहुंचे. शौकत का दावा है कि शिकायत दर्ज कराकर लौटते समय उनके काफिले पर बम से हमला किया गया। फायरिंग और पथराव के भी आरोप उन्होंने लगाये हैं. हालांकि, हमले में विधायक बाल-बाल बच गये। उनकी शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से 2 ताजा बम बरामद किये।

जेड कैटेगरी की सुरक्षा वाले विधायक हैं शौकत मोल्ला

विधायक शौकत मोल्ला जेड कैटेगरी सुरक्षा प्राप्त विधायक हैं. विधायक ने कहा कि यदि सुरक्षा घेरे में जब एक विधायक पर हमला हो सकता है, तो आम नागरिकों की स्थिति क्या होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के विधायक नौशाद सिद्दीकी के उकसावे के बाद यह हमला किया गया। उन्होंने सिद्दीकी की गिरफ्तारी की मांग की और सोमवार को इलाके में विरोध मार्च निकालने की घोषणा की है।

आईएसएफ ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

आईएसएफ विधायक नौशाद सिद्दीकी ने तृणमूल विधायक शौकत मोल्ला के आरोपों को बेबुनियाद कहा है। उन्होंने कहा है कि जान-बूझकर क्षेत्र को अशांत करने की कोशिश हो रही है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

टीएमसी की आपसी लड़ाई का नतीजा

भारतीय जनता पार्टी के नेता और पश्चिम बंगाल विधानसभा में लीडर ऑफ ऑपोजीशन शुभेंदु अधिकारी से जब इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि यह सब तृणमूल कांग्रेस की आपसी लड़ाई का नतीजा है।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम