रंगारेड्डी (तेलंगाना): तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को तार-तार कर दिया है। एक सनकी और POCSO एक्ट के आरोपी ने प्रतिशोध और हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए एक ही रात में दो परिवारों के 6 लोगों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। मृतकों में एक मासूम नाबालिग लड़की, उसकी मां, नानी और खुद आरोपी की पत्नी व दो मासूम बच्चे शामिल हैं। इस सामूहिक हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्रतिशोध की आग: पहले पीड़िता के परिवार को मिटाया
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय आरोपी राजू कुमार पहले से ही एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़/उत्पीड़न के मामले में POCSO एक्ट के तहत जेल जा चुका था। वह हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। जमानत मिलते ही उसके सिर पर खून सवार हो गया। शुक्रवार की काली रात को आरोपी ने सबसे पहले शाहबाद इलाके में रहने वाली नाबालिग पीड़िता के घर पर धावा बोला। उसने बेरहमी से नाबालिग लड़की, उसकी मां और उसकी बुजुर्ग नानी की गला रेतकर हत्या कर दी। लेकिन हैवानियत का अंत यहीं नहीं हुआ। इसके बाद आरोपी अपने घर पहुँचा और वहां उसने अपनी ही पत्नी और दो मासूम बच्चों को भी मौत की नींद सुला दिया।
किया फोन-“मैंने दोनों परिवारों को खत्म कर दिया…”
इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राजू कुमार ने अपने माता-पिता को फोन किया। फोन पर उसने जो कहा, उसे सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आरोपी ने ठंडे दिमाग से कहा, “मैंने दोनों परिवारों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया है… और अब मैं खुदकुशी करने जा रहा हूँ।” इस कबूलनामे के बाद बदहवास परिजनों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने जब घरों का नजारा देखा तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए। चारों तरफ सिर्फ खून बिखरा हुआ था। पुलिस ने तुरंत सभी छह शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
बेल पर बाहर आते ही बना ‘कसाई’
इस घटना ने न्याय व्यवस्था और जमानत के नियमों पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। गंभीर POCSO मामले का आरोपी आखिर इतनी आसानी से बाहर कैसे घूम रहा था? क्या पीड़िता के परिवार को पुलिस सुरक्षा नहीं मिलनी चाहिए थी? मूल रूप से रायवलागुडा का रहने वाला राजू कुमार जमानत पर बाहर आते ही सीधे बदला लेने की फिराक में जुट गया था, जिसकी परिणति इस भयावह नरसंहार के रूप में हुई।
🥷अब कहां है वो ‘साइको किलर’?
वारदात को अंजाम देकर आरोपी राजू कुमार मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने उसकी तलाश में रात से ही जंगलों और संभावित ठिकानों पर ‘कॉम्बिंग ऑपरेशन’ शुरू कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का बयान: “आरोपी को पकड़ने के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया है। सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। आरोपी ने खुदकुशी की बात कही थी, इसलिए पुलिस जंगलों और रेलवे ट्रैक के आसपास भी तलाश कर रही है। उसे जल्द से जल्द सलाखों के पीछे लाया जाएगा।” इस घटना ने पूरे तेलंगाना को झकझोर कर रख दिया है। अब देखना यह है कि पुलिस इस ‘नरपिशाच’ को कब तक कानून के शिकंजे में कस पाती है।