नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) से जुड़े एक अंतर-राज्यीय आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपी पंजाब से और एक दिल्ली से पकड़ा गया है। जांच के मुताबिक, सभी आरोपी दिल्ली-एनसीआर में आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभदीप सिंह, गुरजंट सिंह, साजन सिंह और गगनप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस का आरोप है कि ये सभी पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलर शाहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के इशारों पर काम कर रहे थे। अपनी पहचान छिपाने के लिए आरोपी विदेशी नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे, जो उन्हें पाकिस्तानी हैंडलरों की ओर से उपलब्ध कराए गए थे।
नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद
स्पेशल सेल ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि गगनप्रीत को दिल्ली में पुलिस प्रतिष्ठानों, थानों, पिकेट और धार्मिक स्थलों की रेकी करने की जिम्मेदारी दी गई थी। उसे राजधानी में गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के निर्देश भी मिले थे।
पुलिस को पाकिस्तान में बैठे आईएसआई हैंडलर शाहजाद भट्टी की ओर से दिल्ली-एनसीआर में आतंकी हमले की साजिश रचे जाने की विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिली थी। इनपुट के आधार पर तकनीकी विश्लेषण और निगरानी के बाद दिल्ली और पंजाब में एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की गई।
ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ की खेप प्राप्त होती थी
कार्रवाई के दौरान पहली गिरफ्तारी अमृतसर से शुभदीप सिंह की हुई। उसके पास से एक पिस्तौल, पांच कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ की खेप प्राप्त होती थी। इसके बाद शुभदीप की निशानदेही पर उसके दो सहयोगी गुरजंट सिंह और साजन सिंह को भी पंजाब से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक जिगाना पिस्तौल, चार कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
जांच आगे बढ़ने पर 24 अप्रैल 2026 को गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। उसके मोबाइल फोन से कई अहम और आपत्तिजनक डिजिटल सबूत मिले हैं। पुलिस के अनुसार, उसे पाकिस्तानी हैंडलरों ने दिल्ली में पुलिस थानों, पिकेट और अन्य संवेदनशील स्थानों की वीडियो रिकॉर्डिंग कर भेजने का जिम्मा सौंपा था। मामले में आगे की जांच जारी है।