नई दिल्ली: देश के अलग-अलग हिस्सों से सड़क दुर्घटनाओं की दिल दहला देने वाली खबरें सामने आई हैं। आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार में तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहनों की चपेट में आने से कुल 12 लोगों की जान चली गई, जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इन घटनाओं ने एक बार फिर हाईवे और शहरी सड़कों पर यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
आंध्र प्रदेश: अनंतपुर में लॉरी की टक्कर से चार की जान गई
आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में गुरुवार को एक भयानक सड़क दुर्घटना घटित हुई। जिले के याडिकी मंडल अंतर्गत रायालाचेरुवु क्षेत्र के समीप एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार लॉरी ने यात्री वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोगों की दुखद मृत्यु हो गई, वहीं आठ अन्य लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। राज्य के परिवहन मंत्री राम प्रसाद रेड्डी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित वाहन हैदराबाद से ताड़ीपत्री की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा पेश आया। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
महाराष्ट्र: पुणे में बस स्टॉप पर खड़े तीन छात्रों को बेकाबू ट्रक ने कुचला
इससे पूर्व महाराष्ट्र के पुणे शहर में भी एक हृदयविदारक दुर्घटना देखने को मिली। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे येवलेवाड़ी क्षेत्र स्थित ‘ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड रिसर्च’ के बाहर बस का इंतजार कर रहे छात्रों को एक बेलगाम ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बोपदेव घाट की तीखी ढलान से नीचे उतरते वक्त चालक ट्रक पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक पहले एक वाहन से टकराया और फिर सीधे बस स्टॉप पर खड़े विद्यार्थियों पर चढ़ गया। इस दुर्घटना में घायल पांच छात्रों को विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सिद्धेश राजे, विशाल डांगड़े और मोहिनी चौधरी नामक तीन छात्रों ने दम तोड़ दिया। अन्य दो घायलों का उपचार जारी है।
बिहार: लखीसराय में स्कॉर्पियो और ट्रक की सीधी भिड़ंत, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
तीसरी बड़ी घटना बिहार के लखीसराय जिले से सामने आई, जहां मंगलवार अहले सुबह तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुणसागर गांव के पास लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। इस हादसे में दो महिलाओं, एक मासूम बच्चे और चालक सहित दो पुरुषों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक मोतिहारी जिले के निवासी और एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना पर डायल-112 की टीम और तेतरहाट थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर राहत कार्य चलाया और गंभीर रूप से घायल तीन अन्य लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया।