Home » देश » 26/11 मुंबई हमले के 18 साल: आज भी नम हैं आंखें और ताजा हैं जख्म, कृतज्ञ राष्ट्र कर रहा वीर शहीदों और बेगुनाहों को नमन

26/11 मुंबई हमले के 18 साल: आज भी नम हैं आंखें और ताजा हैं जख्म, कृतज्ञ राष्ट्र कर रहा वीर शहीदों और बेगुनाहों को नमन

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई पर हुए सबसे बड़े आतंकी हमले को आज 18 वर्ष पूरे हो गए हैं, लेकिन 26 नवंबर 2008 की उस भयावह रात के जख्म और खौफनाक मंजर आज भी हर भारतीय के जेहन में ताजा. . .

नई दिल्ली/मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई पर हुए सबसे बड़े आतंकी हमले को आज 18 वर्ष पूरे हो गए हैं, लेकिन 26 नवंबर 2008 की उस भयावह रात के जख्म और खौफनाक मंजर आज भी हर भारतीय के जेहन में ताजा हैं। करीब 60 घंटे तक चले इस आतंकी तांडव ने न केवल मायानगरी को दहला दिया था, बल्कि देश की आंतरिक और तटीय सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर चुनौतियों को भी उजागर किया था। हमले की 18वीं बरसी पर आज मुंबई समेत पूरा देश उन जांबाज सुरक्षाकर्मियों और निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है, जिन्होंने इस त्रासदी में अपने प्राण गंवाए।

समुद्री रास्ते से आई मौत: 166 लोगों की गई थी जान

26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 10 अत्याधुनिक हथियारों से लैस आतंकी समुद्री मार्ग से मुंबई में दाखिल हुए थे। इन आतंकियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), ताज महल पैलेस होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट, नरीमन हाउस, लियोपोल्ड कैफे और कामा अस्पताल जैसे प्रमुख ठिकानों पर अंधाधुंध गोलीबारी और धमाके कर मौत का खेल खेला। इस भीषण हमले में कई विदेशी नागरिकों समेत कुल 166 बेगुनाह लोगों की जान गई थी, जबकि 300 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। उल्लेखनीय है कि मुंबई ने पिछले तीन दशकों में 1993 के सिलसिलेवार धमाकों (257 मौतें), 2006 के लोकल ट्रेन विस्फोटों (188 मौतें) और 2011 के आतंकी हमलों (27 मौतें) का भी दंश झेला है, लेकिन 26/11 के हमले ने देश की सामूहिक चेतना को सबसे गहरा आघात पहुंचाया।

60 घंटे का महाअभियान और जांबाजों का सर्वोच्च बलिदान

आतंकियों द्वारा कई स्थानों पर लोगों को बंधक बनाए जाने के बाद सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला। मुंबई पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल, नौसेना के मरीन कमांडो (MARCOS) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के जांबाजों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए करीब 60 घंटे के संयुक्त अभियान के बाद सभी आतंकियों को ढेर कर स्थिति पर नियंत्रण पाया। इस अभियान में कई वीर अधिकारियों और जवानों ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। आज मुंबई पुलिस मुख्यालय और गिरगांव चौपाटी स्थित ‘प्रेरणा स्थल’ पर विशेष श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन हो रहा है, जहां निहत्थे होकर भी आतंकी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ने में अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीद सहायक उपनिरीक्षक तुकाराम ओंबले की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जा रही है।

इंसाफ की डगर: कसाब को फांसी और राणा का प्रत्यर्पण, पर मुख्य आका अब भी फरार

इस मामले में जिंदा पकड़े गए एकमात्र आतंकी अजमल कसाब को कानूनी प्रक्रिया के बाद नवंबर 2012 में फांसी के फंदे पर लटका दिया गया था। वहीं, हमले की साजिश में शामिल डेविड हेडली ने अमेरिकी जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भारतीय अदालत में गवाही दी, और एक अन्य प्रमुख आरोपी तहव्वुर राणा को वर्ष 2025 में अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित कर कानून के कटघरे में लाया गया। हालांकि, हमले के मुख्य सूत्रधार अब भी भारत की पहुंच से बाहर पाकिस्तान में पनाह लिए हुए हैं। आतंकियों को हिंदी सिखाने वाले जबीउद्दीन अंसारी उर्फ अबू जुंदाल के खिलाफ मुकदमा अभी चल रहा है, जबकि लश्कर सरगना हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी समेत छह फरार साजिशकर्ताओं को भगोड़ा घोषित करने के आदेशों को तामील कराना बाकी है। विशेष अदालत ने इसी वर्ष जुलाई में इन छह आरोपियों को भगोड़ा घोषित करने के आदेश जारी किए थे, जिस पर अभियोजन पक्ष द्वारा अगस्त और सितंबर में गृह मंत्रालय से तामीली का अनुरोध किए जाने के बावजूद अब तक मंत्रालय के जवाब का इंतजार है।

बदला सुरक्षा तंत्र और अडिग संकल्प

26/11 की इस बरसी पर देश इस बात का संकल्प दोहरा रहा है कि आतंकवाद के खिलाफ निरंतर सतर्कता, राष्ट्रीय एकजुटता और मजबूत सुरक्षा तंत्र ही सबसे बड़ा हथियार है। इस हमले से सबक लेते हुए बीते 18 वर्षों में भारत ने अपनी तटीय निगरानी, खुफिया साझाकरण और आतंकवाद निरोधी क्षमताओं में आमूलचूल परिवर्तन कर देश को पहले से कहीं अधिक सुरक्षित और सशक्त बनाया है।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम