इस्लामाबाद: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की, जिसमें पिछले तीन दिनों के दौरान कम से कम 40 लोगों की मौत हुई और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
JAAC नेता का दावा- भाई की भी हुई मौत
JAAC नेता उमर नजीर कश्मीरी ने आरोप लगाया कि सुरक्षाबलों ने निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाई और मिलिट्री-ग्रेड हथियारों का इस्तेमाल किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि गोलीबारी में उनके सगे भाई की भी मौत हो गई।
जनाजों के लिए रोकी गई मुजफ्फराबाद मार्च
उमर नजीर कश्मीरी ने कहा कि मुजफ्फराबाद की ओर निकाला जा रहा लॉन्ग मार्च फिलहाल मृतकों के अंतिम संस्कार और दफन की प्रक्रिया पूरी होने तक रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार के बाद आंदोलन और रैलियां फिर से शुरू की जाएंगी।
दो महीने से जारी प्रदर्शन, 100 मौतों का दावा
JAAC का दावा है कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में पिछले करीब दो महीनों से प्रदर्शन जारी हैं। संगठन के अनुसार, इस अवधि में लगभग 100 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, इन आंकड़ों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
‘LoC पर इस्तेमाल होने वाले हथियार नागरिकों पर चलाए गए’
उमर नजीर कश्मीरी ने आरोप लगाया कि आम नागरिकों के खिलाफ ऐसे आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिनका उपयोग सामान्य तौर पर नियंत्रण रेखा (LoC) पर किया जाता है। उनका कहना है कि निहत्थे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ इस तरह की सैन्य ताकत का इस्तेमाल किया गया।
महिला प्रदर्शनकारी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से लगाई गुहार
एक कश्मीरी महिला प्रदर्शनकारी ने पाकिस्तान सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए भारत और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वे PoK के लोगों की आवाज उठाने और उनका समर्थन करने के लिए आगे आएं। उन्होंने भी दावा किया कि पिछले तीन दिनों में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।
इंटरनेट बंद, जानकारी बाहर पहुंचने में दिक्कत
JAAC नेताओं का कहना है कि इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद हैं, जिसके कारण घटनाओं की जानकारी बाहर पहुंचने में मुश्किल हो रही है। संगठन का दावा है कि प्रतिबंधों के बावजूद अलग-अलग माध्यमों से सूचनाएं बाहर भेजी जा रही हैं।