डेस्क। तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री की वरिष्ठ अभिनेत्री पवाला श्यामला का 75 वर्ष की आयु में निधन हो गया। हैदराबाद के उस्मानिया जनरल अस्पताल में इलाज के दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद मंगलवार तड़के 1:52 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और आर्थिक तंगी से जूझ रही अभिनेत्री के निधन से टॉलीवुड में शोक की लहर है। फिल्म जगत के कई कलाकारों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
बढ़ती उम्र और बीमारियों से थीं परेशान
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, पवाला श्यामला पिछले काफी समय से उम्र से जुड़ी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। हालत बिगड़ने पर उन्हें उस्मानिया जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। फिलहाल उनका पार्थिव शरीर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया है। अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी परिवार की ओर से जल्द साझा किए जाने की उम्मीद है।
जीवन के अंतिम वर्षों में झेली आर्थिक और शारीरिक परेशानियां
तेलुगु सिनेमा में तीन दशक से अधिक समय तक अपनी दमदार सहायक और हास्य भूमिकाओं से पहचान बनाने वाली पवाला श्यामला के जीवन के आखिरी वर्ष बेहद कठिन रहे। वह अपनी खराब सेहत के बावजूद अपनी बीमार बेटी की देखभाल अकेले कर रही थीं। आर्थिक तंगी इतनी बढ़ गई थी कि इसी वर्ष मई में धन की कमी के कारण एक अस्पताल ने उनका इलाज करने से भी इनकार कर दिया था।
कुछ दिन पहले सड़क पर बेसहारा मिली थीं अभिनेत्री
अस्पताल से लौटने के बाद एक टैक्सी चालक उन्हें रात के समय बीच सड़क पर छोड़कर चला गया था। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित बचाकर आरके फाउंडेशन पहुंचाया गया। बाद में प्रसिद्ध निर्माता और फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के चेयरमैन दिल राजू तथा उनकी टीम ने उनके इलाज और देखभाल की व्यवस्था कराई।इससे पहले दिसंबर 2025 में भी किराया न चुका पाने के कारण उन्हें घर खाली करना पड़ा था। उस समय पुलिस के हस्तक्षेप से उन्हें और उनकी बेटी को एक चैरिटेबल होम में आश्रय मिला था।
तेलुगु सिनेमा में छोड़ी अमिट पहचान
पवाला श्यामला ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार सहायक और हास्य भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने ‘गोलिमार’, ‘खड़गम’, ‘आंध्रावाला’ और ‘वर्षम’ जैसी लोकप्रिय फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता। उन्होंने चिरंजीवी, प्रभास, जूनियर एनटीआर और अल्लू अर्जुन जैसे कई बड़े सितारों के साथ स्क्रीन साझा की। वर्ष 2019 में रिलीज हुई ‘माथू वदलारा’ उनकी आखिरी प्रमुख फिल्म रही। उनके कई कॉमिक दृश्य आज भी सोशल मीडिया पर मीम्स के रूप में लोकप्रिय हैं।
मुश्किल दौर में इंडस्ट्री ने बढ़ाया मदद का हाथ
पवाला श्यामला के कठिन समय में तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार और फिल्मकार उनके समर्थन में आगे आए थे। वर्ष 2021 में निर्देशक जोड़ी राज एंड डीके ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से उनकी आर्थिक मदद की अपील की थी। इसके अलावा चिरंजीवी, पवन कल्याण, अल्लू अर्जुन और साई दुर्गा तेज समेत कई सितारों ने भी उनकी सहायता की थी।पवाला श्यामला का निधन तेलुगु सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। अपनी सहज अदाकारी और हास्यपूर्ण अभिनय से उन्होंने दर्शकों के दिलों में जो जगह बनाई, वह हमेशा याद की जाएगी।