Home » राजस्थान » दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: बस-ट्रक टक्कर के बाद लगी आग, 8 श्रद्धालुओं की मौत, 21 घायल

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: बस-ट्रक टक्कर के बाद लगी आग, 8 श्रद्धालुओं की मौत, 21 घायल

दौसा।राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों. . .

दौसा।राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों में आग लग गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए। दौसा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पीयूष दीक्षित के अनुसार, हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ स्थित जीरो पॉइंट पर रात करीब 2:30 बजे हुआ। मृतकों में छह लोगों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि दो यात्रियों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। सभी घायलों का इलाज दौसा जिला अस्पताल में चल रहा है।

आग ने लिया विकराल रूप, बचाव में आई मुश्किलें

पुलिस के मुताबिक, टक्कर के तुरंत बाद बस में तेजी से आग फैल गई, जिससे अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में काफी कठिनाई हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस करीब एक घंटे तक जलती रही। इस दौरान स्थानीय लोगों ने धुएं और आग के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसे में कई बच्चे भी घायल हुए हैं।

सिगरेट के पैकेट होने का दावा, जांच जारी

स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट रखे हुए थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है। एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि अब तक घायलों में से केवल नौ लोगों की पहचान हो सकी है। अन्य यात्रियों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने जताया शोक

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह दुर्घटना बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम