मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग के 41वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मुकाबला मुंबई के घरेलू मैदान यानी वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। प्वाइंट्स टेबल की बात करें तो फिलहाल मुंबई इंडियंस की टीम 7 मैच में 2 मुकाबला जीतकर 9वें पोजिशन पर है और यहां से अब वो हार अफोर्ड नहीं कर सकती है। वहीं दूसरी तरफ सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने वापसी कर ली है। टीम लगातार 4 मुकाबला जीत चुकी है और फिलहाल 8 मैच में 5 मुकाबला जीतकर तीसरे पोजिशन पर है।
इन खिलाड़ियों पर होगी खास नजर
मुंबई इंडियंस की बात करें तो टीम को रोहित शर्मा की जरुरत है और सबकुछ ठीक रहा तो वह इस मुकाबले में खेलते नजर आएंगे। उनके आने से टीम की बल्लेबाजी में सुधार आएगा। इसके अलावा कप्तान हार्दिक पांड्या (तीन विकेट और 97 रन) और सूर्यकुमार यादव (157) को अपने फॉर्म में सुधार लाना होगा। गेंदबाजी में भी टीम संघर्ष करते नजर आई है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। वह अभी तक केवल दो विकेट ले पाए हैं। इतना ही नहीं उन्हें दूसरे छोर से साथ भी नहीं मिल पा रहा है। ना तो ट्रेंट बोल्ट (एक विकेट) और ना ही दीपक चाहर (एक) अपने आक्रामक तेवर दिखा पाए हैं। मुंबई के गेंदबाजों के असफल होने के कारण विरोधी टीमों ने पावरप्ले में नियंत्रण बनाया है जिससे मुंबई को नुकसान पहुंचा।
दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद की गाड़ी पटरी पर लौट आई है। बल्लेबाजी के साथ-साथ पैट कमिंस के लौटने से गेंदबाजी में भी धार नजर आने लगी है। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन लगातार रन बना रहे हैं। अभिषेक ने अब तक 212.29 के स्ट्राइक रेट और 54.28 के औसत से 380 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। ईशान किशन (312) और हेनरिक क्लासेन (349) ने भी बल्लेबाजी ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
वानखेड़े में खूब रन बनते हैं। बाउंड्री छोटी है और बल्लेबाजों को इसका खूब फायदा मिलता है। गेंदबाजों के लिए इस पिच को कब्रगाह कहा जाता है। बल्लेबाजों के अनुकूल इस पिच पर पहली पारी का औसत स्कोर 215 रन रहा है। बीच के ओवरों में स्पिन गेंदबाजों को थोड़ी बहुत मदद मिल सकती है, जबकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों के लिए भी हल्की मदद होगी। लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा बल्लेबाजों के मुफीद होता जाएगा। इस सीजन इस मैदान पर यह 5वां मुकाबला है। अब तक हुए 4 मुकाबलों में दो बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है जबकि दो बार चेज करने वाली टीम को जीत नसीम हुई है।
मुंबई और हैदराबाद की टीम
मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), दानिश मालेवार, शेरफेन रदरफोर्ड, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, विल जैक, मयंक रावत, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, अश्विनी कुमार, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, कृष भगत, एएम गजनफर, केशव महाराज, मयंक मारकंडे, मोहम्मद इज़हार, रघु शर्मा।
सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), ट्रैविस हेड, रविचंद्रन अश्विन, अनिकेत वर्मा, अभिषेक शर्मा, हर्ष दुबे, क्रेन्स फुलेट्रा, लियाम लिविंगस्टोन, कामिंडु मेंडिस, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल, शिवम मावी, शिवांग कुमार, अमित कुमार, गेराल्ड कोएत्ज़ी, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा, ओंकार तरनाले, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी।