रांची: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में छात्रों का आंदोलन सोमवार, 10 अगस्त को उग्र हो गया। विधानसभा घेराव के लिए बड़ी संख्या में छात्र रांची पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में लगी कई बैरिकेडिंग को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी।
तीन बैरिकेड पार कर चौथे बैरिकेड तक पहुंचे छात्र
विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों ने कई स्तर की बैरिकेडिंग पार कर ली। छात्रों ने मौसीबाड़ी के पास दूसरी बैरिकेडिंग तोड़ दी, जबकि इसके बाद वे तीसरी बैरिकेडिंग को भी पार करते हुए चौथे बैरिकेड तक पहुंच गए। जगन्नाथपुर मंदिर के पास पुलिस ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र बैरिकेडिंग के सामने धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की।
देवेंद्रनाथ महतो भी छात्रों के साथ प्रदर्शन में उतरे
JLKM नेता देवेंद्रनाथ महतो भी छात्रों के आंदोलन में शामिल हुए। बताया गया कि वह पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। प्रदर्शन के दौरान महतो छात्रों के साथ विधानसभा की ओर बढ़ते नजर आए। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तस्वीर भी हाथ में ले रखी थी। उनके आंदोलन में शामिल होने के बाद प्रदर्शन ने राजनीतिक रंग भी ले लिया।
छात्रों ने देवेंद्र महतो को कंधे पर उठाया, बरसाए फूल
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने देवेंद्रनाथ महतो को कंधे पर उठा लिया। इस दौरान समर्थकों ने उन पर फूल बरसाए। महतो के साथ छात्रों की भीड़ विधानसभा की ओर बढ़ती रही। बाद में उन्हें एंबुलेंस के जरिए विधानसभा की ओर रवाना किए जाने की भी जानकारी सामने आई।
ड्रोन से रिकॉर्डिंग, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रदर्शन की निगरानी और रिकॉर्डिंग के लिए ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया जा रहा है। विधानसभा और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विधानसभा की ओर जाने वाले रास्तों पर तीन स्तर की बैरिकेडिंग की थी। मौके पर वाटर कैनन भी तैनात किए गए हैं।
भाजपा ने भी किया मुख्यमंत्री आवास घेराव का प्रयास
छात्रों के आंदोलन के बीच भाजपा नेताओं और विधायकों ने भी मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का प्रयास किया। खेलगांव में पुलिस ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकते हुए हिरासत में ले लिया। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और कई अन्य नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। भाजपा नेता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे।
विधानसभा के बाहर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज
विधानसभा परिसर के बाहर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। आजसू विधायक निर्मल महतो धरने पर बैठे। वहीं विधायक जयराम महतो, झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू और मंत्री इरफान अंसारी ने विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बातचीत की।
JPSC-JSSC विवाद पर सरकार से जवाब की मांग
छात्र JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के आरोपों को लेकर सरकार से जवाब और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। विधानसभा घेराव के जरिए छात्र अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं।रांची में एक तरफ छात्रों का आंदोलन तेज होता दिख रहा है, वहीं दूसरी ओर भाजपा के मुख्यमंत्री आवास घेराव के प्रयास ने राजनीतिक माहौल को भी गर्म कर दिया है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।