नई दिल्ली। आज 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे साफ हो जाएंगे। शुरुआती रुझानों में पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी को मजबूत बढ़त मिलती दिख रही है। पार्टी के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली स्थित मुख्यालय में जश्न की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शाम करीब 6:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां वे जीत का जश्न मनाने के साथ कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।
श्रीलंका के विपक्ष के नेता ने पीएम मोदी को दी बधाई
श्रीलंका में विपक्ष के नेता सजित प्रेमदासा ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। श्रीलंकाई नेता सजित प्रेमदासा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को पश्चिम बंगाल में चुनावी जीत पर बधाई। यह जनादेश लोगों की इच्छा और लोकतांत्रिक भागीदारी की हमेशा रहने वाली ताकत को दिखाता है। भारत की लगातार तरक्की और स्थिरता की कामना करता हूं।’
‘बिहार की जीत ने बंगाल का रास्ता खोला’, पीएम मोदी का पुराना बयान वायरल
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी के शानदार प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक पुराना बयान एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस बयान में उन्होंने बिहार में भाजपा की जीत को बंगाल में संभावित जीत का संकेत बताया था। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद जश्न के दौरान पीएम मोदी ने कहा था, ‘गंगा जी बिहार से बंगाल तक बहती है। बिहार की जीत ने पश्चिम बंगाल में विजय का रास्ता खोल दिया है।’
पीएम मोदी के संबोधन पर देश की नजरें
पश्चिम बंगाल में इस बार दो चरणों में मतदान कराया गया था। कुछ सीटों पर पुनर्मतदान (रीपोलिंग) भी हुई। हालांकि दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर अभी भी मतदान बाकी है। यहां झड़पों की खबरों के चलते चुनाव आयोग ने रीपोल कराने का फैसला लिया था। ऐसे में सभी की नजरें अब अंतिम नतीजों और पीएम मोदी के संबोधन पर टिकी हैं, जो आगे की राजनीतिक दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
बंगाल जीत पर पीएम मोदी की शाम 6.30 बजे स्पीच
विधानसभा चुनाव परिणामों के बीच पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक जीत की उम्मीद है, क्योंकि मतगणना के शुरुआती रुझान में भाजपा को बड़ी बढ़त मिल रही है। इसी बीच, जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार शाम 6.30 बजे नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय का दौरा करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख और गढ़वाल से लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए है। बता दें कि चुनाव नतीजों के दौरान यह परंपरा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हैं। इस बार भी चुनावी रुझानों के बीच उनके दौरे को काफी अहम माना जा रहा है।
बीजेपी के समर्थकों ने ढोल नगाड़े बजाने शुरू किए
असम और पश्चिम बंगाल चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद बीजेपी समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां तक कि पार्टी के समर्थकों ने अभी से ही ढोल नगाड़े बजाने शुरू कर दिए हैं। दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पर समारोह के लिए जोरों शोरों से तैयारी शुरू हो गई है। इसी बीच सूत्रों से बड़ी खबर आ रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद समारोह में शामिल होंगे।
बंगाल में शहर-शहर भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न
पश्चिम बंगाल के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की बढ़त के बाद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। कोलकाता में भाजपा कार्यालय के बाहर ‘कमला भोग’ व ‘झाल मुड़ी’ जैसी मिठाइयां बांटी गईं। इसके साथ ही, भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। कोलकाता में पार्टी मुख्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे हैं और जश्न मना रहे हैं। इसी क्रम में स्थानीय नेता नारायण चट्टोपाध्याय ‘कमला भोग’ व ‘झाल मुड़ी’ लेकर पहुंचे। उन्होंने सभी को ‘झाल मुड़ी’ खिलाई।
पीएम मोदी ने बंगाल में कई चुनावी सभाएं की थी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान पीएम मोदी ने कई चुनावी सभाएं, रैलियां और रोड शो किए। अपने भाषणों में उन्होंने बार-बार यह दावा किया था कि इस बार बंगाल में कुछ ऐसी सीटें भी होंगी, जहां तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) अपना खाता तक नहीं खोल पाएगी।