मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी के साथ संपत्ति निवेश के नाम पर करीब 17.5 करोड़ रुपये की ठगी किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल ने विवादित सहायक नगर आयुक्त महेश पाटील, कारोबारी निशित पटेल और अन्य सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने निशित पटेल को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत ने उसे 19 तारीख तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
संपत्ति के नाम पर आर्थिक हेरफेर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हबीबा जाफरी को भारी मुनाफा और सुरक्षित निवेश का लालच देकर संपत्ति और निवेश से जुड़े कई सौदे कराए गए। आरोप है कि आरोपियों ने भरोसा जीतकर चरणबद्ध तरीके से करोड़ों रुपये की रकम हासिल की। जांच में यह भी सामने आया है कि लेन-देन में फर्जी दस्तावेज, झूठे आश्वासन और संपत्ति के नाम पर आर्थिक हेरफेर किया गया हो सकता है।
इस मामले में आरोपी महेश पाटील को पालिका प्रशासन का विवादित अधिकारी माना जाता है। पुलिस को शक है कि इस साजिश में उनके अलावा तीन से चार अन्य लोग भी शामिल हैं। फिलहाल सभी फरार आरोपियों की तलाश जारी है और कई वित्तीय एवं संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
ठगी रैकेट सक्रिय
क्राइम ब्रांच अधिकारियों के मुताबिक, यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस मामले के पीछे कोई बड़ा ठगी रैकेट सक्रिय है। आरोपियों ने अन्य निवेशकों को भी इसी तरह निशाना बनाया है या नहीं, इसकी पड़ताल की जा रही है। बैंक ट्रांजैक्शन, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों की जांच जारी है।
इस घटना के बाद मुंबई के रियल एस्टेट और निवेश क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि हाई-प्रोफाइल लोगों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर आर्थिक ठगी का नेटवर्क काम कर रहा हो सकता है।