रोहतक: हरियाणा के रोहतक जिले में बुधवार देर रात कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए हथियारबंद बदमाशों ने खूनी खेल खेला। खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित ‘मिलन ढाबे’ पर हुई अंधाधुंध फायरिंग में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस चौकी के बेहद करीब हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
टेबल के नीचे छिपकर ग्राहकों ने बचाई जान
मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात बुधवार रात करीब 12 बजे घटित हुई। उस वक्त ढाबे पर कई ग्राहक भोजन कर रहे थे। तभी एक स्विफ्ट कार में सवार होकर आए हथियारबंद हमलावरों ने ढाबे पर धावा बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने कार से उतरते ही एक टेबल पर बैठकर खाना खा रहे चार युवकों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई इस गोलीबारी से ढाबे पर भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। अन्य ग्राहकों और कर्मचारियों ने किसी तरह मेजों के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई।
बेखौफ बदमाशों ने लहराए हथियार
हमलावरों के इरादे इतने खतरनाक थे कि तीन युवकों ने तो खाने की मेज पर ही दम तोड़ दिया, जबकि जान बचाकर भाग रहे चौथे युवक का पीछा कर उसे भी गोलियों से भून दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद भी बदमाशों के चेहरे पर पुलिस का कोई खौफ नजर नहीं आया; वे काफी देर तक घटनास्थल पर हथियार लहराते रहे और फिर आराम से फरार हो गए।
झज्जर जिले के रहने वाले थे सभी मृतक
पुलिस जांच में चारों मृतकों की पहचान कर ली गई है। इनमें से तीन युवक झज्जर जिले के डीघल गांव के निवासी थे, जिनकी शिनाख्त रिंकू (पुत्र जगबीर), विनीत (पुत्र जयबीर) और गंजू के रूप में हुई है। वहीं, चौथे मृतक की पहचान झज्जर के ही बेरी क्षेत्र निवासी हिमांशु (पुत्र राजबीर) के तौर पर की गई है।
आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, तलाश में जुटीं टीमें
पुलिस चौकी के पास हुए इस सामूहिक हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रोहतक रेंज के आईजी हामिद अख्तर और एसपी गौरव पुरोहित कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। पुलिस के आला अधिकारियों का शुरुआती आकलन है कि यह हत्याकांड आपसी रंजिश या गैंगवार का नतीजा हो सकता है। फिलहाल कोई भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है, लेकिन हमलावरों की धरपकड़ के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।