नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज काइल जेमिसन ने राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आउट किया था। वैभव ने जेमिसन के खिलाफ पहली ही गेंद पर चौका मारा। अगली गेंद पर न्यूजीलैंड के जेमीसन ने शानदार यॉर्कर डाला। वैभव के पास उसका जवाब नहीं था और वह बोल्ड हो गए। विकेट मिलने के बाद जेमीसन ने आक्रामक जश्न मनाया। वैभव के पास जाकर उन्होंने जोरदार हुंकार भरी और इसकी वजह से उनकी काफी अलोचना हो रही थी।
आईपीएल ने लिया जेमीसन पर एक्शन
आक्रामक सेलिब्रेशन के लिए काइल जेमिसन को आईपीएल ने वॉर्निंग दी है। इसके साथ ही उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी थमा दिया गया है। आईपीएल में अपने बयान में कहा, ‘दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाज काइल जेमिसन को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच नंबर 43 के दौरान, IPL के खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए बनी आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया है और चेतावनी भी मिली है।
काइल जेमिसन ने अपनी गलती मानी
काइल जेमिसन ने अपनी गलती मान ली है। आईपीएल के बयान में आगे कहा गया है- जेमिसन को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो ऐसी भाषा, हरकतें या हाव-भाव इस्तेमाल करने से संबंधित है, जो किसी को नीचा दिखाती हों या मैच में किसी दूसरे खिलाड़ी से आक्रामक प्रतिक्रिया भड़का सकती हों। जेमिसन ने अपनी गलती मान ली और मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा लगाए गए दंड को स्वीकार कर लिया।