नई दिल्ली। कनाडा में फिर एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। कनाडा के नायग्रा में भारतीय छात्रा की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। छात्रा गुजरात के आणंद के बोरसद की रहने वाली थी। उसकी पहचान 22 वर्षीय विधि मेघा के रूप में हुई है। विधि का शव अमेरिकी बॉर्डर के पास से मिला है।
कनाडा में कर रही थी पढ़ाई
विधि कनाडा में रहकर पढ़ाई कर रही थी। अपना खर्च चलाने के लिए वह पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी भी कर रही थी। वह वहां PR की तैयारी कर रही थी। विधि अचानक 15 मई से गायब हो गई थी। अमेरिकी बॉर्डर के पास नायग्रा इलाके में विधि का शव मिला। जांच में पता चला कि किसी ने चाकू से गोदकर उनकी जान ले ली। कनाडा की पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वे कातिल की तलाश में जुटे हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
इससे पहले की घटनाएं
इससे पहले, दिसंबर 2025 में टोरंटो यूनिवर्सिटी के स्कारबोरो परिसर के पास 20 वर्षीय भारतीय डॉक्टरेट छात्र शिवांक अवस्थी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव हाईलैंड क्रीक ट्रेल के पास मिला था।
वहीं, अप्रैल 2025 में 21 वर्षीय भारतीय छात्रा हरसिमरत रंधावा की हैमिल्टन में मौत हो गई थी। वह एक बस स्टॉप पर खड़ी थी, तभी दो गुटों के बीच हो रही गोलीबारी के दौरान एक गोली उसके सीने में लग गई थी।
दिसंबर 2024 में एडमॉन्टन में 20 वर्षीय भारतीय सिख छात्र हर्षदीप सिंह अंत्तल की उस अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जहां वह बतौर सिक्योरिटी गार्ड पार्ट-टाइम काम कर रहा था।