नई दिल्ली। पीएम मोदी के कार्यकाल को आज यानी के मंगलवार को 12 साल पूरे हो गए हैं। साल 2014 में 26 मई को नरेंद्र मोदी ने देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी को उनके कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी है।
मोदी का शासन परिवर्तन का प्रतीक
पीएम मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर लिखा है कि, 26 मई 2014 को भारत की विकास यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई। जिस दिन नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली, वह दिन देश में शासन-व्यवस्था, नेतृत्व और राष्ट्रीय संकल्प में एक निर्णायक परिवर्तन का प्रतीक बन गया।
आज भारत की विकास गाथा पहले से कहीं अधिक
राजनाथ सिंह ने आगे लिखा है कि, आर्थिक विकास और सामाजिक कल्याण से लेकर आत्मनिर्भर भारत और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन तक, आधारभूत संरचना के विस्तार से लेकर वैश्विक मंच पर भारत की मज़बूत मौजूदगी और सशक्त राष्ट्रीय सुरक्षा नीति तक, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अभूतपूर्व गति के साथ प्रगति की है। आज भारत पहले से कहीं अधिक मजबूत, आत्मविश्वासी और गौरवपूर्ण राष्ट्र के रूप में पूरे विश्व के सामने खड़ा है। आज भारत की विकास गाथा पहले से कहीं अधिक समावेशी और लोककल्याणकारी बनी है।
सबका साथ, सबका विकास
रक्षा मंत्री ने अपने इस लेख में आगे कहा है कि, पीएम मोदी के नेतृत्व में ‘अंत्योदय’ की भावना को सही मायनों में साकार किया गया है। करोड़ों लोग, जो दशकों तक हाशिये पर रहे, आज भारत की विकास यात्रा के सक्रिय सहभागी बने हैं। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र आज सरकार के निर्णयों की धुरी बन चुका है।
पीएम मोदी सच्चे प्रधान सेवक
उन्होंने आगे यह भी लिखा है कि, सच्चे अर्थों में एक ‘प्रधान-सेवक’ के रूप में नरेंद्र मोदी ने अपना प्रत्येक क्षण मां भारती और देशवासियों की सेवा के लिए समर्पित किया है। उनकी अथक मेहनत, अटूट संकल्प और राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ समर्पण करोड़ों लोगों को निरंतर प्रेरित करता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र-सेवा के लिए निरंतर शक्ति प्रदान करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र तपस्वी और तेजस्वी हैं
वहीं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा है कि, देश के लोकप्रिय और यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र तपस्वी और तेजस्वी हैं। उनका नेतृत्व त्रिकालदर्शी है। इस नेतृत्व की तपपूर्ति का यह एक तेजोमय दिवस है। शिवसेना और महाराष्ट्र की 13 करोड़ जनता की ओर से आपका अभिनंदन!
भारत के अमृतकाल का नया पर्व शुरू हो गया
एकनाथ शिंदे ने कहा कि, 12 वर्ष केवल सत्ता के नहीं बल्कि राष्ट्रसेवा की अखंड तपश्चर्या के थे। । स्वच्छ भारत से डिजिटल इंडिया, सर्जिकल स्ट्राइक से आत्मनिर्भर भारत, राम मंदिर से चंद्रयान, महिला सशक्तिकरण से विकसित भारत 2047 तक, यह यात्रा एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि 140 करोड़ जनता की है। महाराष्ट्र की महायुति सरकार को भी इस कार्यकाल में विकास की नई ऊर्जा मिली है। भारत के अमृतकाल का नया पर्व शुरू हो गया है।