कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति के लिए आज यानी 9 मई 2026 का दिन ऐतिहासिक है। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। नंदीग्राम और भवानीपुर जैसे हाई-प्रोफाइल मुकाबलों में ममता बनर्जी को मात देने वाले शुभेंदु अधिकारी अब बंगाल की कमान संभालेंगे। कोलकाता का ब्रिगेड परेड ग्राउंड इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बनने के लिए पूरी तरह तैयार है।
शुभेंदु ने रवीन्द्रनाथ टैगोर को दी श्रद्धांजली
शुभेंदु अधिकारी ने गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर को बंगाली साहित्य और संस्कृति के आकाश का शाश्वत सितारा बताया। सोशल मीडिया मंच एक्स पर किए गए पोस्ट में अधिकारी ने कहा कि गुरुदेव की अमर रचनाएं, मानवतावादी विचारधारा और देशभक्ति ने पीढ़ियों को मार्गदर्शन दिया है। उन्होंने टैगोर की प्रसिद्ध पंक्ति जहां मन भय से मुक्त हो और सिर ऊंचा रहे” का उल्लेख करते हुए कहा कि मानव सभ्यता को इसी महान संदेश से प्रेरित होकर आगे बढ़ना चाहिए। अधिकारी ने कहा कि विश्वकवि, नोबेल पुरस्कार विजेता और विश्वप्रसिद्ध कवि-ऋषि गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर बंगाल की सांस्कृतिक पहचान का स्थायी प्रतीक हैं और उनकी विरासत हमेशा लोगों को प्रेरित करती रहेगी।
शुभेंदु हुए अपने आवास से रवाना
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद के लिए नामित शुभेंदु अधिकारी अपने आवास से रवाना हुए। शुभेंदु भगवा रंग के कुर्ते में नजर आएं, आज बाद में ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
कोलकाता पहुंची दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंचीं। भाजपा विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
कोलकाता पहुंचने के बाद रेखा गुप्ता ने कहा कि वह पश्चिम बंगाल और यहां की महिलाओं के लिए बेहद खुश हैं, जिन्होंने पिछले 15 वर्षों में अत्याचार झेले। उन्होंने कहा कि आज बंगाल के लिए नया दिन है, जहां विकास और विश्वास की राजनीति देखने को मिलेगी। दिल्ली की मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार और अत्याचार का दौर खत्म हो गया है और शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा।
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी पहुंचे कोलकाता
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे। आजादी के बाद यह पहली बार होगा जब पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और कोई भाजपा नेता मुख्यमंत्री पद संभालेगा।
बंगाल में भाजपा लंबे समय तक सत्ता में रहेगी- जगन्नाथ सरकार
भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकारने कहा कि सभी लोग बेहद खुश हैं क्योंकि शुभेंदु अधिकारी आजादी के बाद पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। जगन्नाथ सरकार ने कहा कि भाजपा सरकार राज्य के विकास के लिए काम करेगी और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेगी। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में भाजपा लंबे समय तक सत्ता में रहेगी।
राज्य के लोक कलाकार समारोह में लेंगे भाग
राज्य के विभिन्न हिस्सों से लोक कलाकार भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचे हैं। कूच बिहार के एक लोक कलाकार का कहना है कि मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।
उत्तराखंड-मेघालय के सीएम पहुंचे कोलकाता
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मेघालय के सीएम कॉनराड संगमा पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंच गए हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में पुरुलिया छऊ नर्तकों की खास प्रस्तुति
शपथ ग्रहण समारोह में राज्य की लोक संस्कृति की भी खास झलक देखने को मिलेगी। कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले समारोह में पुरुलिया छऊ नर्तक अपनी प्रस्तुति देंगे। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में लोक संगीत और पारंपरिक नृत्य को शामिल कर बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने की तैयारी की गई है। पुरुलिया छऊ नृत्य अपनी रंग-बिरंगी वेशभूषा, मुखौटों और ऊर्जावान प्रस्तुति के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है।