नई दिल्ली। बीजेपी ने चार राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों का ऐलान किया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और त्रिपुरा में नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है। पंजाब में सरदार केवल सिंह ढिल्लों को पार्टी की कमान सौंपी गई है। वहीं, हर्ष मल्होत्रा दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष बने हैं। पार्टी ने नए नेताओं के जरिए संगठन को और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है।
पंजाब बीजेपी की कमान केवल सिंह ढिल्लों को
सरदार केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वह बरनाला से दो बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने 2022 में संगरूर लोकसभा उपचुनाव और 2024 में बरनाला विधानसभा उपचुनाव बीजेपी के टिकट पर लड़ा था। केवल सिंह ढिल्लों पंजाब के बड़े उद्योगपतियों में गिने जाते हैं। वह पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी भी रहे हैं। बरनाला में लोग उन्हें विकास कार्यों के लिए जानते हैं।
किसको मिली दिल्ली की कमान?
हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली बीजेपी की जिम्मेदारी मिली है। वह बीजेपी के सीनियर नेता हैं और दिल्ली से सांसद हैं। वह केंद्र सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। लंबे समय से वह संगठन की राजनीति में सक्रिय हैं और दिल्ली बीजेपी में कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं। पार्टी के अंदर उनकी पहचान मजबूत संगठन क्षमता और लोगों से सीधे जुड़ाव वाले नेता की है। विकास और जनसंपर्क से जुड़े मुद्दों पर वह लगातार सक्रिय रहते हैं। अब पार्टी ने उन्हें दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
हरियाणा-त्रिपुरा में किसको मिली कमान?
हरियाणा, और त्रिपुरा में भी नए चेहरे को मौका मिला है। बीजेपी ने अर्चना गुप्ता को हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। वहीं, अभिषेक देवराय को त्रिपुरा बीजेपी अध्यक्ष बनाया गया है।