Home » कुछ हटकर » मिस यूनिवर्स 2026 का ताज प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो के नाम, भारत की कजियाह लिज मेजो का टूटा सपना; टॉप 12 से रहीं बाहर

मिस यूनिवर्स 2026 का ताज प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो के नाम, भारत की कजियाह लिज मेजो का टूटा सपना; टॉप 12 से रहीं बाहर

दुनियाभर की निगाहें जिस प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता पर टिकी थीं, उसका विजेता आखिरकार मिल गया है। Miss Universe 2026 का ताज प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो के सिर सजा है। 75वें मिस यूनिवर्स समारोह में जेनिफर ने शानदार प्रदर्शन ................... . .

नई दिल्ली : दुनियाभर की निगाहें जिस प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता पर टिकी थीं, उसका विजेता आखिरकार मिल गया है। Miss Universe 2026 का ताज प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो के सिर सजा है। 75वें मिस यूनिवर्स समारोह में जेनिफर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया भर की प्रतिभागियों को पीछे छोड़ दिया। वहीं, डोमिनिकन रिपब्लिक की कंटेस्टेंट दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि वेनेजुएला ने तीसरा स्थान हासिल किया। भारत की ओर से प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली कजियाह लिज मेजो ने टॉप 30 तक का सफर तय किया, लेकिन वह टॉप 12 में अपनी जगह नहीं बना पाईं। इस बार भी भारत का मिस यूनिवर्स बनने का इंतजार खत्म नहीं हो सका।

कौन हैं नई मिस यूनिवर्स जेनिफर बैरेटो?

प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीतकर अपने देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उनकी खासियत सिर्फ उनका आकर्षक व्यक्तित्व ही नहीं, बल्कि उनकी शैक्षणिक उपलब्धियां और सामाजिक क्षेत्र में योगदान भी है। जेनिफर ने रिसर्च साइकोलॉजी में स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। इसके अलावा उनके पास दो मास्टर डिग्रियां हैं। इनमें एक साइकोलॉजी और दूसरी क्लिनिकल सोशल वर्क से संबंधित है। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि उन्हें अन्य प्रतिभागियों से अलग पहचान देती है।

अमेरिकी डिफेंस विभाग में भी कर चुकी हैं काम

जेनिफर की जिंदगी का एक अहम पहलू उनका सामाजिक और पेशेवर योगदान भी है। साल 2021 में उन्होंने अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ डिफेंस के साथ अपना करियर शुरू किया था। टेक्सास के फोर्ट हूड में उन्होंने फैमिली एडवोकेसी प्रोग्राम के तहत काम किया। इस दौरान उनकी जिम्मेदारी घरेलू हिंसा और बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार से प्रभावित सैन्य परिवारों की सहायता करना था। वह संकट की परिस्थितियों में प्रभावित लोगों को सहयोग देने के साथ-साथ रोकथाम और हस्तक्षेप से जुड़ी रणनीतियों पर अधिकारियों को प्रशिक्षण भी देती थीं। इसके अलावा जेनिफर कार्ल आर. डार्नल आर्मी मेडिकल सेंटर में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उनकी यही बहुआयामी पहचान उन्हें केवल एक ब्यूटी क्वीन नहीं, बल्कि शिक्षा और समाज सेवा से जुड़ी प्रभावशाली महिला के रूप में भी स्थापित करती है।

116 देशों की सुंदरियों ने लिया हिस्सा

मिस यूनिवर्स 2026 का ग्रैंड फिनाले प्यूर्टो रिको की राजधानी सैन जुआन स्थित जोस मिगुएल एग्रेलोट कोलिजियम में आयोजित किया गया। इस बार का आयोजन इसलिए भी खास रहा, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता ने अपने 75 साल पूरे किए। इस ऐतिहासिक संस्करण में कुल 116 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के अलग-अलग चरणों में सभी कंटेस्टेंट्स को अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व दिखाने का मौका मिला। प्रतियोगिता में नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड से लेकर प्रीलिमिनरी और फाइनल मुकाबलों तक प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। निर्णायकों ने उनके मंच पर प्रदर्शन, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और विभिन्न चरणों में उनकी प्रतिभा के आधार पर मूल्यांकन किया। आखिरकार मैक्सिको की पूर्व मिस यूनिवर्स फातिमा बॉश ने नई विजेता जेनिफर बैरेटो को ताज पहनाया।

टॉप 30 तक पहुंचीं भारत की कजियाह

इस बार भारत की उम्मीदें कजियाह लिज मेजो पर टिकी थीं। उन्होंने शुरुआती चरणों में अच्छा प्रदर्शन करते हुए टॉप 30 में जगह बनाई और देश का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि, प्रतियोगिता आगे बढ़ने के साथ उनका सफर समाप्त हो गया। वह टॉप 12 में जगह बनाने में सफल नहीं हो सकीं। भारतीय प्रशंसकों को उनसे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन इस बार भी मिस यूनिवर्स का ताज भारत नहीं आ पाया।

विवादों के साये में भी हुआ 75वां मिस यूनिवर्स समारोह

मिस यूनिवर्स 2026 का आयोजन जितना भव्य रहा, उतना ही यह कई विवादों को लेकर भी चर्चा में रहा। प्रतियोगिता के दौरान कुछ प्रतिभागियों के नाम वापस लेने, फ्रेंचाइजी अधिकारों को लेकर विवाद और आयोजन प्रबंधन से जुड़ी शिकायतों ने आयोजकों पर सवाल खड़े किए। इन घटनाओं के कारण प्रतियोगिता की पारदर्शिता और प्रबंधन को लेकर भी चर्चाएं हुईं। हालांकि, तमाम विवादों के बीच आयोजन संपन्न हुआ और प्यूर्टो रिको को नई मिस यूनिवर्स मिल गई।

2021 के बाद से भारत को अब भी है चौथे ताज का इंतजार

मिस यूनिवर्स के इतिहास में भारत का प्रदर्शन हमेशा शानदार रहा है। देश अब तक तीन बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का खिताब जीत चुका है। भारत को पहली सफलता साल 1994 में मिली थी, जब सुष्मिता सेन ने मिस यूनिवर्स का ताज अपने नाम किया। इसके बाद साल 2000 में लारा दत्ता ने यह उपलब्धि हासिल की और दुनिया भर में देश का नाम रोशन किया। लंबे इंतजार के बाद 2021 में हरनाज संधू ने तीसरी बार भारत को यह गौरव दिलाया। उनकी जीत के बाद से भारतीय प्रशंसक चौथे मिस यूनिवर्स ताज का इंतजार कर रहे हैं। कजियाह लिज मेजो के टॉप 12 तक नहीं पहुंच पाने के साथ यह इंतजार एक बार फिर लंबा हो गया है। अब देखना होगा कि भारत की अगली प्रतिनिधि कब इस प्रतिष्ठित मंच पर देश के लिए चौथा मिस यूनिवर्स खिताब जीतने में सफल होती हैं।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम