Home » दुनिया » मौत का मंजर बना बैंकॉक का पब, भीषण आग में 27 लोगों की दर्दनाक मौत, टॉयलेट में मिलीं कई लाशें, नहीं था कोई एग्जिट गेट, देखें वीडियो

मौत का मंजर बना बैंकॉक का पब, भीषण आग में 27 लोगों की दर्दनाक मौत, टॉयलेट में मिलीं कई लाशें, नहीं था कोई एग्जिट गेट, देखें वीडियो

बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के बाहरी इलाके में स्थित ‘रोंग बीयर ना लाट फ्राओ’ (Rong Beer Na Lat Phrao) पब में रविवार देर रात भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि. . .

बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के बाहरी इलाके में स्थित ‘रोंग बीयर ना लाट फ्राओ’ (Rong Beer Na Lat Phrao) पब में रविवार देर रात भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हो गए। इनमें 22 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

स्टेज के पास धुआं उठा, फिर हुआ जोरदार धमाका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की शुरुआत स्टेज के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलने के साथ हुई। कुछ ही क्षणों में बिजली गुल हो गई और तेज धमाका हुआ। इसके बाद आग तेजी से पूरे पब में फैल गई और देखते ही देखते पूरा परिसर धुएं और लपटों से भर गया।

टॉयलेट में मिलीं कई लाशें, नहीं था कोई एग्जिट गेट

प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने सोमवार तड़के घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि आग लगने के बाद पब में धुआं इतनी तेजी से भर गया कि कई लोग जान बचाने के लिए पीछे स्थित टॉयलेट की ओर भागे। हालांकि वहां बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं था। राहत दल को कई शव उसी इलाके से बरामद हुए। अब तक 27 शव निकाले जा चुके हैं।

63 घायल, 22 की हालत नाजुक

बैंकॉक मेट्रोपॉलिटन प्रशासन के अधिकारी सुरियाचाई राविवान ने बताया कि हादसे में घायल 63 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपुंट के मुताबिक इनमें से 22 की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

प्रत्यक्षदर्शी बोले- लोग आग की लपटों में भागते दिखे

45 वर्षीय मोटरबाइक टैक्सी चालक सुरिन जाइहार्न ने बताया कि उन्होंने पब के मुख्य दरवाजे से आग को सड़क की ओर फैलते देखा। उन्होंने जलते कपड़ों और शरीर पर छाले पड़े कई लोगों को बाहर निकलते देखा और कम से कम पांच लोगों की मदद की। सुरिन ने कहा, “मैंने कई लोगों को अपनी आंखों के सामने मरते देखा। जिन लोगों को बचाया, वे अब कैसे हैं, मुझे नहीं पता। यह दृश्य कभी नहीं भूल पाऊंगा।” उन्होंने लोगों के शरीर पर लगी आग बुझाने के लिए कपड़ों का इस्तेमाल किया, जबकि एक अन्य चालक ने एक महिला को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।

‘अंदर सिर्फ चीखें सुनाई दे रही थीं’

लाओस से आए पर्यटक कान कुतिरात ने बताया कि हादसे के समय वह पब में अकेले बैठे थे। उन्होंने स्टेज के पास धुआं उठते देखा और कुछ ही पलों में पूरा पब अफरा-तफरी में बदल गया। उन्होंने कहा, “अंदर हर तरफ लोगों की चीखें गूंज रही थीं। कई लोग जलते हुए बाहर भाग रहे थे। मैंने अपनी जिंदगी में ऐसा भयावह दृश्य कभी नहीं देखा।” कान ने एक महिला को बाहर निकालने में मदद की और बाद में सोशल मीडिया पर लिखा, “मैं सिर्फ एक व्यक्ति को ही बचा पाया। मैंने पूरी कोशिश की, लेकिन अफसोस है कि और लोगों की मदद नहीं कर सका।”

हादसे के कारणों की जांच जारी

बताया जा रहा है कि जिस पब में यह हादसा हुआ, वहां एक स्टेज, दो बार, एक किचन और 300 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सर्किट ब्रेकर में खराबी के कारण लगी। अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है ताकि हादसे की असली वजह का पता लगाया जा सके।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम