उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर एक कार से टकरा गई। टक्कर के बाद बस डिवाइडर की ग्रिल तोड़ते हुए सड़क किनारे खंती में पलट गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए।
यह दुर्घटना बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 230.800 माइल स्टोन के पास देवखरी गांव के निकट हुई। संतकबीरनगर पंजीकरण संख्या वाली कार में कुल आठ लोग सवार थे। हादसे में दिव्या (13), अमृता (5), अंजू (40), धुनमुन (60) और चालक विनोद (45) की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
बस में करीब 85 यात्री सवार थे
हादसे के समय बस में करीब 85 यात्री सवार थे। बस के पलटने से 17 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे से हटाया गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।